Site icon News1India

Meerut: 1.5 लाख की सुपारी देकर पत्नी ने पति की हत्या, आरोपी ने खुले कई बड़े राज

मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में हुए प्रदीप हत्याकांड को उसकी पत्नी नीतू ने ही डेढ़ लाख रुपए की सुपारी देकर अंजाम दिलाया था। गुरुवार को पुलिस ने हत्या करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बदमाशों से पूछताछ में लगी है।


शास्त्रीनगर में बुधवार को दो बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर ही प्रदीप शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद प्रदीप की पत्नी नीतू शर्मा पर हत्या कराने का शक जाहिर किया था। प्रदीप का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की पहचान कर ली। इसके बाद से ही बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही थी। गुरुवार को परतापुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में एक शूटर समीर निवासी गेसूपुर घायल हो गया। जबकि उसके साथी मनीष शर्मा निवासी भटीपुरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल बरामद हुई है। आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि नीतू शर्मा ने ही अपने पति प्रदीप की डेढ़ लाख रुपए सुपारी देकर हत्या कराई थी।


समीर ने बताया कि छह महीने पहले वह प्रदीप के घर पर किराए पर रहता था। इसके बाद से ही प्रदीप की पत्नी नीतू के संपर्क में था। नीतू ने ही प्रदीप की हत्या कराने के लिए डेढ़ लाख रुपए में सौदा तय किया और पिस्टल उपलब्ध कराई थी। हत्याकांड को अंजाम देने से पहले समीर और मनीष ने भावनपुर क्षेत्र से एक बाइक लूटी। लूट की बाइक पर सवार होकर ही प्रदीप की हत्या की गई।
एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि दोनों बदमाशों से पूछताछ की जा रही है। नीतू को पहले ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Exit mobile version