Site icon News1India

Tragic Incidents: यूपी में दो दर्दनाक घटनाएं, मिर्जापुर में मां और बेटी की जहर खाने से मौत, रायबरेली में महिला की संदिग्ध मौत

Family Disputes Tragic Incidents: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। मड़िहान थाना क्षेत्र के परसौना गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने कथित तौर पर अपने तीन बच्चों को जहरीला पदार्थ देने के बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया। इस घटना में महिला और उसकी एक बेटी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चों का वाराणसी के अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रात में बिगड़ी सभी की तबीयत

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। जहरीला पदार्थ खाने के कुछ ही देर बाद महिला और तीनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण सभी को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर महिला और उसकी एक बेटी को बचा नहीं सके। गंभीर हालत में दो अन्य बच्चों को वाराणसी रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही मड़िहान थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला और बच्ची के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रायबरेली में भी महिला की मौत

उधर, रायबरेली जिले में भी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिवगढ़ थाना क्षेत्र के बलेथा गांव में पति-पत्नी के बीच कहासुनी के बाद महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवगढ़ ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

परिजन महिला को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर अपनी बेटी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जांच रिपोर्ट का इंतजार

दोनों मामलों में पुलिस अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घटनाओं ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Exit mobile version