Mirzapur River Incident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां राप्ती नदी के पास पीपा पुल के करीब बुधवार को आठ दोस्त साइकिल से स्टंट करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि स्टंट करने के बाद कुछ किशोर नदी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान चार दोस्त अचानक गहरे पानी में डूब गए और लापता हो गए।
स्टंट के बाद नहाने का बना प्लान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ये सभी दोस्त अक्सर इस जगह पर आते थे और साइकिल से स्टंट करते हुए वीडियो बनाते थे। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे भी ये आठों दोस्त वहां पहुंचे थे। पहले उन्होंने साइकिल से कूद-फांद कर स्टंट किया, फिर गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने का फैसला किया।
टापू तक जाने की कोशिश बनी वजह
बताया जा रहा है कि नदी के बीच में एक ऊंचा हिस्सा, यानी टापू जैसा स्थान है। किशोर उसी तक जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान चार दोस्त गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। एक किशोर किसी तरह खुद को बचाकर बाहर निकल आया, लेकिन बाकी चार का कोई पता नहीं चल सका।
डर के कारण मौके से भागे बाकी दोस्त
घटना के बाद बाकी दोस्त घबरा गए और डर के कारण वहां से भाग निकले। काफी देर तक किसी को इस हादसे की जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में जब पुलिस को सूचना मिली, तो तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई और लापता किशोरों की तलाश शुरू कर दी गई।
देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन चारों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
साधारण परिवारों से थे सभी बच्चे
डूबने वाले सभी किशोर साधारण परिवारों से आते हैं। अमर उर्फ बीरू अपने दो भाइयों में छोटा था और उसके पिता पेंट पालिश का काम करते हैं। अनिकेत सातवीं कक्षा का छात्र था और उसके पिता मजदूरी करते हैं। विवेक छठवीं में पढ़ता था और उसके पिता ऑटो चालक हैं। वहीं गगन पासवान के पिता प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार किराये के मकान में रहता है।
पहले भी दी गई थी चेतावनी
स्थानीय लोगों के अनुसार, इन बच्चों को पहले भी वहां स्टंट करने और नदी के पास जाने से रोका गया था। लेकिन उन्होंने किसी की बात नहीं मानी। यही लापरवाही इस बड़े हादसे का कारण बन गई।








