“मोहर्रम पर शक्ति प्रदर्शन का नहीं” शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: CM योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहर्रम को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, नई परंपराओं और तेज डीजे पर रोक लगाने के साथ ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Moharram Guidelines UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोहर्रम के दौरान प्रदेश में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम मातम और श्रद्धा का अवसर है, न कि शक्ति प्रदर्शन का। इसलिए किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नई परंपराओं और डीजे पर रोक

मंगलवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोहर्रम के दौरान नई परंपराओं की शुरुआत, कानफोड़ू डीजे और ढोल-ताशों के अनियंत्रित प्रयोग की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश की शांति भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

जिलों में पहले से हो संवाद

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि वे मोहर्रम की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित समुदायों और आयोजकों के साथ पहले से संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ताजियों की ऊंचाई को लेकर निर्देश

योगी आदित्यनाथ ने ताजियों की ऊंचाई को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए और 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों को अनुमति न दी जाए। इससे जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को कम किया जा सकेगा।

योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने 20 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पेट्रोलिंग कराने और सभी पुलिस लाइनों तथा पीएसी बटालियनों में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और आस्थाओं का सम्मान किया जाएगा, लेकिन कानून और व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version