Site icon News1India

देर रात सम्भल पहुँची राष्ट्रीय जांच एजेंसी,दो लोगो से की पूछताछ

Sambhal Violence

Sambhal Violence : शहर के मुहल्ला मियां सराय में देर रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम पहुंची, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। टीम ने यहां दो लोगों से आतंकी कनेक्शन के शक में पूछताछ की, हालांकि बाद में दोनों को छोड़ दिया गया।

एनआईए की टीम ने सबसे पहले एक टेलर और एक परिषदीय स्कूल के शिक्षक से पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, टेलर का बेटा आतंकी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में जेल में बंद है। वहीं, शिक्षक से यह सवाल किया गया कि उसने एक परिवार को किराए पर घर क्यों दिया था, जो टेलर के बेटे के पकड़े जाने के बाद अचानक गायब हो गया।

NIA ने की जांच

एनआईए टीम ने मियां सराय में पहुंचकर शिक्षक के घर में छापेमारी की और उसे हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। इसके बाद, टेलर को भी कोतवाली लाया गया। रात भर चली पूछताछ के दौरान, शिक्षक ने बताया कि उसने टेलर के कहने पर उक्त परिवार को किराए पर घर दिया था। नवंबर 2023 में जब टेलर का बेटा आतंकी गतिविधियों के मामले में यूपी एटीएस द्वारा गिरफ्तार किया गया, तो वह परिवार अचानक से लापता हो गया।

एनआईए की टीम ने इस परिवार के बारे में जानकारी इकट्ठा करने के लिए पूछताछ की थी, क्योंकि यह आशंका जताई जा रही है कि यह परिवार भी आतंकी गतिविधियों में शामिल हो सकता है। हालांकि, पूछताछ के बाद, दोनों व्यक्तियों से सही जानकारी मिलने पर एनआईए की टीम ने उन्हें छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें : ‘किसानों से किए गए वादे को क्यों पूरा नहीं किया गया…’, जब उपराष्ट्रपति जगदीप…

एनआईए की अचानक छापेमारी और पूछताछ के बाद, शहर में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। लोग इस बात को लेकर कयास लगा रहे हैं कि क्या यह परिवार वास्तव में आतंकी गतिविधियों में शामिल था, और एनआईए की जांच में आगे क्या होगा। हालांकि, फिलहाल एनआईए द्वारा दी गई कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है, लेकिन यह घटनाक्रम शहर में काफी सुर्खियां बटोर रहा है।

Exit mobile version