Noida Airport: शुरू होने से दिल्ली एयरपोर्ट का दबाव घटेगा, कब से शुरू होंगी उड़ानें, कितने शहरों से कनेक्टिविटी मिलेगी

नोएडा एयरपोर्ट जल्द शुरू होगा, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट का दबाव कम होगा। कई शहरों के लिए फ्लाइट्स मिलेंगी। अप्रैल अंत या मई से उड़ान सेवा और जल्द टिकट बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।

Noida airport flight operations start

Jewar Airport:नोएडा में बने नए एयरपोर्ट के शुरू होने से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यात्रियों का दबाव कम होगा। इससे दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। अब यात्रियों को एक और विकल्प मिलेगा, जिससे सफर आसान होगा।

शानदार कनेक्टिविटी की तैयारी

नोएडा एयरपोर्ट को बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए कई एक्सप्रेसवे और सड़कों का सहारा लिया गया है। यह एयरपोर्ट यमुना एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ा होगा। इसके अलावा चौड़ी सड़कों और आने वाले समय में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम से भी इसे जोड़ा जाएगा। भविष्य में बुलेट ट्रेन कनेक्शन की भी योजना है।

कब से शुरू होंगी फ्लाइट्स

लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि उड़ान सेवा कब शुरू होगी। अभी तक कोई पक्की तारीख सामने नहीं आई है, लेकिन उम्मीद है कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते या मई की शुरुआत में फ्लाइट्स शुरू हो सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट को 11 मार्च को एयरोड्रम लाइसेंस मिल चुका है और आमतौर पर इसके बाद करीब 45 दिन में उड़ान सेवा शुरू हो जाती है।

कौन-कौन सी एयरलाइंस होंगी शामिल

शुरुआत में कई बड़ी एयरलाइंस यहां से अपनी सेवाएं शुरू करेंगी। इनमें इंडिगो, आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस शामिल हैं। इंडिगो पहले चरण में 20 से 25 शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू कर सकती है।

किन शहरों से होगा कनेक्शन

एयरपोर्ट से शुरुआत में देश के कई बड़े शहरों के लिए फ्लाइट्स मिलेंगी। इनमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर, वाराणसी, भोपाल और जम्मू जैसे शहर शामिल हैं। पहले छह महीने तक केवल घरेलू उड़ानें ही होंगी, इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू होंगी।

कितने यात्रियों को मिलेगी सुविधा

शुरुआत में इस एयरपोर्ट से हर दिन करीब 150 फ्लाइट्स संचालित होने की योजना है। सालाना 50 से 60 लाख यात्रियों के यहां से सफर करने का अनुमान है। हालांकि, इसकी कुल क्षमता लगभग 1.20 करोड़ यात्रियों की है, जिसे भविष्य में बढ़ाया जा सकता है।

टिकट बुकिंग कब से शुरू होगी

जैसे ही फ्लाइट शेड्यूल जारी होगा, एयरलाइंस कंपनियां टिकट बुकिंग शुरू कर देंगी। फिलहाल इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही टिकट बुकिंग शुरू हो सकती है।

Exit mobile version