Site icon News1India

Prayagraj Accident: प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा,वाराणसी-कानपुर हाईवे पर बेकाबू ट्रेलर ने ली दो बाइक सवारों की जान

Bikers Killed in Trailer Accident, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना नवाबगंज थाना क्षेत्र के वाराणसी-कानपुर हाईवे पर मेंडारा अंडरपास के पास हुई। पुलिस के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और हाईवे की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे सर्विस रोड पर जा गिरा। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक उसकी चपेट में आ गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी सोमवार रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी पुलिस बल और सीसी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने राहत कार्य शुरू कराया और आसपास मौजूद लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया।

दोनों युवकों की मौके पर मौत

इस हादसे में नेम का पूरा निवासी सुनील पांडेय उर्फ मस्ते और कौड़िहार निवासी राजकुमार मोदनवाल की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बेकाबू ट्रेलर उनकी बाइक पर पलट गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों को संभलने का मौका भी नहीं मिला।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए एसआरएन अस्पताल भेज दिया। मोटरसाइकिल के पंजीकरण विवरण के आधार पर मृतकों के परिजनों से संपर्क किया गया और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।

ट्रेलर चालक मौके से फरार

पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन पुलिस ने तुरंत यातायात को सामान्य कराया। प्रभारी निरीक्षक पंकज अवस्थी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version