प्रयागराज ऑनलाइन डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को प्रयागराज महाकुंभ पहुंची। उन्होंने संगम में पवित्र डुबकी लगाई और पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रवासी पक्षियों को दाना खिलाया। इससे पहले, भारत की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीर्थराज कुंभ नगरी प्रयाग में आगमन पर प्रयागराज के प्रथम नागरिक महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने प्रयागराज महानगर की चाबी भेंट कर उनका स्वागत किया।
त्रिवेणी में तीन डुबकी लगाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को महाकुंभ पहुंचीं। इस मौके पर उन्होंने त्रिवेणी में तीन डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। स्नान से पहले मां गंगा को पुष्प अर्पित किए। स्नान के बाद वह अक्षयवट और लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। राष्ट्रपति के साथ सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे से ठीक पहले महाकुंभ मेलाक्षेत्र की सुरक्षा-व्यवस्था के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
बोट पर सवार होकर संगम पहुंचीं
राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर सोमवार सुबह साढ़े 9 बजे बमरौली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। यहां राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और सीएम योगी ने स्वागत किया। वहां से अरैल पहुंचीं, फिर बोट पर सवार होकर संगम पहुंचीं और स्नान किया। राष्ट्रपति शाम चार बजे तक प्रयागराज में रहेंगी। द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने महाकुंभ में स्नान किया। इससे पहले, 1954 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में स्नान किया था।
बता दें, प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़
राष्ट्रपति के महाकुंभ दौरे को देखते हुए संगम पर लेटे हनुमान मंदिर के पास दुकानों को बंद कराया जा रहा है। ताकि, वहां भीड़ इकट्ठा न हो। बता दें, प्रयागराज शहर में जबरदस्त भीड़ है। इसे देखते हुए अरैल घाट से संगम तक बोट बंद की गई है। इसके अलावा, संगम स्टेशन को 14 फरवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ को मैनेज करने के लिए इमरजेंसी क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है।
43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके
महाकुंभ का आज 29वां दिन है। 13 जनवरी से अब तक 43.57 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। आज सुबह 10 बजे तक 63 लाख लोग स्नान कर चुके हैं। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी परिवार के साथ संगम में डुबकी लगाई। भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। अब तक पीएम नरेंद्र मोदी के अलावा देश-दुनिया के 100 से अधिक दिग्गज हस्तियों ने संगम में स्नान किया है। एक अनुमान के मुताबिक प्रयागराज महाकुंभ 2025 में 50 करोड़ से अधिक भक्त संगम में डुबकी लगाएंगे।