Raebareli Conversion Case: महिला का धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में युवक गिरफ्तार जानिये क्या है पूरा मामला

रायबरेली में एक युवक पर शादी का झांसा देकर महिला को ले जाने और धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा है। पुलिस ने पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

Raebareli religious conversion case

Raebareli Conversion Case: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से धर्मांतरण से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक युवक पर आरोप है कि उसने एक शादीशुदा महिला को शादी का वादा करके अपने साथ ले गया। बाद में उस पर महिला का धर्म बदलवाने और फिर निकाह से मुकर जाने का आरोप लगा।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अजमेर अली उर्फ जैद शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पति की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की।

दवा लेने के बहाने घर से निकली महिला

यह घटना जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित पति के अनुसार, 10 जनवरी 2026 को उनकी पत्नी घर से दवा लेने की बात कहकर निकली थी। लेकिन काफी देर तक वह घर वापस नहीं लौटी। परिवार के लोगों ने आसपास काफी तलाश की, रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चल सका। काफी खोजबीन के बाद पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से मदद मांगी।

जांच में सामने आया आरोपी का नाम

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पता चला कि जिले के किलौली चौराहा इलाके में रहने वाला अजमेर अली उर्फ जैद शेख महिला को अपने साथ ले गया था। आरोप है कि वह महिला को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया और बाद में उस पर धर्म बदलने का दबाव बनाने लगा। कहा जा रहा है कि वह महिला से निकाह करना चाहता था।
इसी आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी।

कई गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस

इस मामले को मिलएरिया थाने में मुकदमा संख्या 0013/2026 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 के साथ-साथ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 5(1) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा अनुसूचित जाति और जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(2)(v) भी लगाई गई है। इन सभी धाराओं को गंभीर माना जाता है।

पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई थी। यह टीम पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर तैयार की गई।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार नौहवार के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इलाके में ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 मार्च 2026 की शाम खसपरी बाजार इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

अदालत में पेश कर भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को थाने ले गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की आगे भी जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version