Site icon News1India

अयोध्या में रामनवमी की धूम, डीजीपी ने दौरा कर तैयारियों का लिया जायजा

Ram Navami 2025

Ram Navami 2025 : अयोध्या राम मंदिर में रामनवमी को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं, और इस बार भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है। सुरक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही सतर्क है। रविवार को यूपी के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने राम मंदिर का दौरा किया, जहां उन्होंने रामनवमी उत्सव से पहले सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और उनकी समीक्षा की।

रामनवमी पर्व की शुरुआत 30 मार्च से नवरात्रि के पहले दिन से होगी, और इस दौरान अयोध्या में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने अपने दौरे के दौरान सबसे पहले हनुमानगढ़ी और राम मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन और पूजा अर्चना की। इसके बाद, उन्होंने मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और स्थानीय अधिकारियों के साथ श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

राम नवमी के तहत मंदिर में हो रहा विशेष आयोजन

पुलिस महानिदेशक को तीर्थयात्रियों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई, और उन्होंने मंदिर परिसर व उसके आसपास स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का निरीक्षण किया। शीर्ष अधिकारी ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को संभालने के लिए बनाई जा रही सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन योजनाओं की भी समीक्षा की। प्रशासन ने बड़ी भीड़ के मद्देनजर हाई अलर्ट जारी कर दिया है और रामनवमी के आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

यह भी पढ़ें : सुनीता विलियम्स का 9 महीने का अंतरिक्ष ओवरटाइम: क्या मिलेगा अतिरिक्त वेतन?

रामनवमी पर राम मंदिर में भव्य आयोजन की योजना बनाई गई है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद यह दूसरा अवसर होगा जब यहां रामनवमी का पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट द्वारा 30 मार्च से 6 अप्रैल तक वाल्मीकि रामायण का नौवहन पारायण, दुर्गा पूजन और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान एक लाख मंत्रों की आहुति दी जाएगी। रामनवमी के दिन, 12 बजे 4 मिनट पर सूर्य तिलक होगा, और इसके दर्शन के लिए 50 से अधिक स्थानों पर स्क्रीन लगाई जाएगी।

Exit mobile version