Site icon News1India

UP Weather News: गोरखपुर में 36 घंटे रिकॉर्डतोड़ बारिश, हर तरफ पानी-पानी.. प्रशासन ने जारी की चेतावनी

Gorakhpur Monsoon

Gorakhpur Monsoon

Gorakhpur Monsoon: गोरखपुर में पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश (Gorakhpur Monsoon) ने शहर को पानी-पानी कर दिया है। भारी बारिश के कारण महानगर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।

मौसम विभाग ने शनिवार को भी भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है, जिसके चलते गोरखपुर जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि आवश्यक न हो, तो अपने घरों से बाहर न निकलें और प्रशासन द्वारा जलनिकासी की व्यवस्था में सहयोग करें।

प्रशासन की अपील, बाहर निकलने से बचें

अपर जिलाधिकारी विनीत कुमार सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है, और मौसम विभाग (Gorakhpur) ने आगे भी बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। उन्होंने लोगों से कहा कि यदि बहुत जरूरी न हो तो अपने घरों से बाहर न निकलें। इसके साथ ही, उन्होंने जलजमाव की समस्या को हल करने के लिए नगर निगम और अन्य विभागों द्वारा की जा रही जलनिकासी व्यवस्था में सहयोग करने का अनुरोध किया है।

बारिश से आई ठंडक, बीमारियों का बढ़ा खतरा

बेतहाशा गर्मी के बाद मौसम में अचानक बदलाव आया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 12 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट हुई है, जो लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर डाल रही है।

बुखार, जुकाम, और खांसी के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। शुक्रवार को पूरे दिन हुई मूसलाधार बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया, लेकिन संक्रमण के मामलों में भी वृद्धि हो रही है।

यह भी पढ़े: उज्जैन में बड़ा हादसा: महाकाल मंदिर के पास दीवार गिरने से दो की मौत, 10 घायल

तापमान में गिरावट, 30 साल का रिकॉर्ड टूटा

सितंबर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक था, जिससे लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। 23 और 24 सितंबर को गोरखपुर का तापमान क्रमशः 37.4 और 37.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो सामान्य से काफी अधिक था। हालांकि, बारिश शुरू होने के बाद तापमान में गिरावट आई और 25 सितंबर को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस हो गया।

बृहस्पतिवार को दिन का तापमान और भी नीचे आकर 29.9 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली। प्रशासन और मौसम विभाग की नजर इस बात पर है कि आगे और कितनी बारिश होगी, और वज्रपात की स्थिति क्या हो सकती है। लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की जा रही है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

Exit mobile version