Site icon News1India

नौचंदी एक्सप्रेस में बम की अफवाह से मचा हड़कंप, RPF, GRP व कोतवाली पुलिस ने फौरन खाली करवाई ट्रेन

रायबरेली में नौचंदी एक्सप्रेस में बम की अफवाह से तब हड़कंप मचा गया जब किसी ने नौचंदी एक्सप्रेस के एस-9 कोच में रखे अग्निशमन यंत्र के साथ छेड़छाड़ की जिससे फायर अलार्म बज गया था। जैसे ही इसकी सूचना मिली, रायबरेली रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ, जीआरपी और सिविल पुलिस ने सुरक्षा घेरा तैयार किया। ट्रेन के आते ही कई कोचों में छानबीन कराई गई। जांच में पता चला कि अग्निशमन यंत्र के तार से किसी ने छेड़छाड़ की, जिससे फायर अलार्म बज गया था। इस जानकारी के बाद अधिकारियों और फोर्स ने राहत की सांस ली।

प्रयागराज संगम से रायबरेली की ओर आ रही नौचंदी एक्सप्रेस में उस समय अलार्म की आवाज आने लगी, जब वह लक्ष्मणपुर स्टेशन से रायबरेली की तरफ आ रही थी। अलार्म बजने का रायबरेली स्टेशन को मैसेज किया गया, जिससे आरपीएफ और जीआरपी मुस्तैद हो गई। सिविल पुलिस भी स्टेशन पर पहुंच गई। इस दौरान यात्रियों में अलार्म को लेकर अफरातफरी रही। ट्रेन को रायबरेली में सुरक्षा के लिहाज से प्लेटफार्म नंबर एक के बजाए तीन पर इसलिए रोका गया, क्योंकि उस प्लेटफार्म पर भीड़ कम रहती है। ट्रेन के रुकते ही आरपीएफ और पुलिस ने उसे सुरक्षा घेरे में ले लिया। अलार्म की आवाज स्लीपर कोच से आ रही थी, इसलिए सबसे पहले स्लीपर कोच का मुआयना किया गया।

बम तो कहीं नहीं मिला, लेकिन एस-9 कोच में ट्वायलेट के पास अग्निशमन यंत्र मिला, जिसके साथ किसी ने छेड़छाड़ की थी। इसीलिए अलार्म बजा था। उसे ठीक करके अलार्म को बंद किया गया। इससे फोर्स के साथ यात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन को करीब पौन घंटे तक रोके रखा गया। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, वैसे ही स्टेशन परिसर में स्टाफ अलर्ट हो गया। छानबीन में अग्निशमन यंत्र के साथ छेड़छाड़ पाई गई। इसी वजह से अलार्म बजा था। अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नौचंदी एक्सप्रेस में सायरन बजने की आवाज उठी थी। कोतवाली पुलिस भी मौके पर भेजी गई। जांच में पता चला कि छेड़छाड़ की वजह से अलार्म बजा था।

Exit mobile version