News1India

Fake Coins PNB करेंसी चेस्ट कांड के बीच सहारनपुर में 1.20 लाख रुपये के नकली सिक्के बरामद, दो आरोपी हिरासत में

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नकली नोटों का मामला अभी जांच के दायरे में ही है कि अब नकली सिक्कों की बड़ी खेप मिलने से हड़कंप मच गया है। सिटी कोतवाली पुलिस और सहारनपुर पुलिस की एसओजी टीम ने लाखनौर से 20 रुपये के नकली सिक्के बरामद किए हैं। इनकी कुल कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने इस मामले में आवास विकास कॉलोनी निवासी कुलदीप और विपिन को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

सूचना पर शुरू हुई जांच

सहारनपुर पुलिस के मुताबिक, पिछले कई दिनों से जिले में नकली सिक्कों की सप्लाई पहुंचने की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर पुलिस और एसओजी ने संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। जांच के दौरान दोनों आरोपियों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया।

पूछताछ के बाद पुलिस को अहम जानकारी मिली। आरोपियों की निशानदेही पर 20 रुपये के नकली सिक्कों की बड़ी खेप बरामद की गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन सिक्कों को जिले में कौन पहुंचा रहा था।

कमीशन लेकर करते थे सप्लाई

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने नकली सिक्कों को बाजार में खपाने के बदले कमीशन मिलने की बात बताई है। आरोपी कुलदीप के मुताबिक, करीब 4,000 रुपये के नकली सिक्कों की एक थैली तैयार होती थी। इसे दुकानदारों तक पहुंचाने के बदले उन्हें करीब 400 रुपये कमीशन मिलता था।

आरोपियों ने बताया कि बाजार में खुले पैसों की जरूरत के चलते कई दुकानदार इन सिक्कों को आसानी से स्वीकार कर लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कितने दुकानदारों तक ये सिक्के पहुंचाए गए।

पीएनबी कांड से भी जुड़ रही जांच

पुलिस नकली सिक्कों की इस खेप की पूरी सप्लाई चेन खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि सिक्के कहां बनाए गए, कहां से सहारनपुर पहुंचे और इससे पहले कितनी बार ऐसी खेप जिले में लाई गई।

इसी बीच पुलिस इस मामले को सहारनपुर के PNB करेंसी चेस्ट कांड से भी जोड़कर देख रही है। करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ रुपये से अधिक के नकली नोट मिलने के मामले की जांच NIA कर रही है।

हाउस कीपर भी गिरफ्तार

इस मामले में NIA ने करेंसी चेस्ट से जुड़े आरोपी विशाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के बालेली गांव निवासी विशाल पार्टटाइम हाउस कीपर है और उसके कब्जे से 20,200 रुपये बरामद हुए हैं।

इससे पहले NIA ने PNB करेंसी चेस्ट के अधिकारी अमित को भी गिरफ्तार किया था। विशाल पर करेंसी चेस्ट में रखे नोटों के बंडलों से 4,33,900 रुपये निकालने का आरोप है। अब नकली सिक्कों की बरामदगी के बाद जांच और महत्वपूर्ण हो गई है।

Exit mobile version