Site icon News1India

मां सीता के मायके नेपाल से आ रहे मधेश प्रदेश के सीएम, जीजा राम को चढ़ाएंगे तिलक और बारात लाने का देंगे आमंत्रण

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। 500 बरस के लंबे इंतजार के बाद आखिर भगवान रामलला अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान हो गए। दीपावली पर्व पर सरयू के तट पर 28 लाख दीये जलाए गए। कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। अब सोमवार को
अयोध्या में भगवान श्री राम का विवाहोत्सव है। जिसको लेकर पूरी रामनगरी राममय है। इस शुभ घड़ी पर भगवान श्रीराम को तिलक चढ़ाने के लिए नेपाल से तिलकहरू ( तिलक चढ़ाने वाले) आ रहे हैं। इनमें नेपाल के मधेश प्रदेश के सीएम सतीश कुमार सिंह और उनके कैबिनेट के कई मंत्री भी शामिल होंगे।

501 तिलकहरू नेपाल से आएंगे

भगवान श्रीराम जी का विवाहोत्सव सोमवार को अयोध्याधाम में होगा। भगवान श्रीराम की ससुराल जनकपुर से मां सीता के परिवार के लोग राम के धाम आ रहे हैं। खास बात ये हैं कि नेपाल के जनकपुर में मां जानकी मंदिर से तिलक अयोध्या लाया जाएगा। जहां 501 तिलकहरू नेपाल से आएंगे और उनका अयोध्या में स्वागत किया जाएगा। विवाहोत्सव में भगवान राम के स्वरूप लिए एक युवक को आटे की सिंहासन पर बिठाकर तिलक चढ़ाया जाएगा। इस दौरान भगवान राम और अयोध्यावासियों के लिए जनकपुर तक बारात लाने का न्योता भी दिया जाएगा।

स्वागत की तैयारियां जोरों पर

तिलक में भगवान श्री राम के लिए सोने की चेन, चांदी और कांसे के बर्तन और परंपरागत जो-जो सामान तिलक में ले जाया जाता है वह सभी आएग। वहीं अयोध्या में भी तिलकहरूओं के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। यहां पर रामसेवकपुरम परिसर में उनके स्वागत की तैयारी की गई है और यहां पर भगवान का तिलक समारोह आयोजित किया जाएगा। मंदिर प्रशासन की तरफ से तैयारियों जोरों पर हैं। पूरे शहर को क्लीन बनाया गया है। अयोध्या नगरी को दुल्हन की तरह सजाया गया है। सुरक्षा-व्यवस्था के तगड़े बंदोस्त किए गए हैं।

महिलाएं परंपरागत गीत गा रहीं

नेपाल के जनकपुर से तिलक लेकर 51 गाड़ियों का काफिला सोमवार को अयोध्या पहुंचेगा। इनमें कुल 501 लोग शामिल होंगे। फिलहाल नेपाल से लेकर रक्सौल बॉर्डर तक नजारा राममय हो गया है। सभी जगहों पर भगवा झंडे लगाए गए हैं। इतना ही नहीं तिलकोत्सव में महिलाएं भी शामिल हो रही हैं। वह सभी काफिले के साथ रक्सौल पहुंची हैं। जहां जगह-जगह जय श्री राम के नारे लगाए जा रहे हैं। महिलाएं परंपरागत गीत गा रही हैं। तिलकहरू रक्सौल बॉर्डर से निकल कर अरेराज, गोपालगंज, गोरखपुर होते हुए अयोध्या पहुचेंगे।

श्रीराम को तिलक में ये सामान चढ़ाएंगे

तिलक लेकर सभी लोग सोमवार को दोपहर तक अयोध्या पहुंचेंगे और तिलकोत्सव के बाद अयोध्यावासियों को बारात जनकपुर लाने का न्योता देंगे। भगवान को तिलक चढ़ाने के लिए नेपाल से आ रहे तिलकहरू 51 गाड़ियों के काफिले में 501 लोग आ रहे है जो कि अलग-अलग भव्य सामानों से सजे हुए 501 दउरा (टोकरी) ला रहे हैं। इन टोकरियों में सोने की चैन, सोने की अंगूठी, चांदी के बर्तन, सुपारी, पान के पत्ते के साथ-साथ पीली धोती, गमछा, करधनी, हल्दी गांठ, चंदन गांठ, धान, पीले चावल, इलायची, सुपारी, यज्ञोपवीत, चांदी के सिक्के आदि परंपरागत चीजें भगवान को भेंट की जाएंगी। परंपरागत पांच बर्तन भी भगवान राम के लिए लाए जा रहे हैं, जिसमें कांसे के थाल, दो कटोरी, गिलास, चम्मच आदि शामिल हैं।

Exit mobile version