Site icon News1India

प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाला सॉल्वर गैंग गिरफ्तार, जानें इसके खिलाफ कितने मामले हैं दर्ज ?

Ghazipur News

Ghazipur News : गाजीपुर की पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने वाले एक अंतरराज्यीय सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया है। स्वाट, सर्विलांस और सदर कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने राय कॉलोनी से इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गैंग के पास से नकल में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।

सॉल्वर गैंग गिरफ्तार

गिरफ्तार सॉल्वर गैंग के पास से पुलिस ने तीन वाईफाई राउटर, 20 सिम कार्ड, छोटा और बड़ा वॉकी-टॉकी, स्कैनर, अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण पत्र, ब्लैंक हस्ताक्षरित चेक और स्टांप पेपर बरामद किए हैं। ये गैंग हाईकोर्ट द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में सक्रिय था लेकिन सफल नहीं हो पाया।

क्या है गैंग का काम ?

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को पास कराने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और डिवाइस का इस्तेमाल करते थे। अभ्यर्थियों से मूल अंकपत्र, आधार कार्ड, ब्लैंक चेक और हस्ताक्षरित स्टांप पेपर ले लिए जाते थे। बाद में फर्जी आधार कार्ड और प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें परीक्षा में बैठाया जाता था। परीक्षा पास होने के बाद अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र वापस करने के लिए 10 लाख रुपये तक की भारी रकम वसूली जाती थी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. सर्वजीत सिंह पुत्र उमाशंकर यादव, निवासी हरिबल्लभपुर, गाजीपुर।
  2. श्रवण यादव पुत्र सत्यनारायण यादव, निवासी मरदानपुर लक्ष्मण वाजिदपुर, गाजीपुर।
  3. श्रवण कुमार पुत्र रविंद्र यादव, निवासी बिहरा, गाजीपुर।
  4. पंकज कुमार राय पुत्र अवधबिहारी राय, निवासी सारंगपुर, सासाराम, बिहार।

गैंग के खिलाफ दर्ज हुए मामले

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 61(2), 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 112(2) बीएनएस और 6/10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत मामला दर्ज किया है।

एसपी का बयान

एसपी डॉ. ईरज राजा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह गिरोह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल कराने के लिए तकनीकी उपकरणों और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करता था। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह बड़ी सफलता है। पुलिस ने गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : सुपौल में तेंदुए का आतंक, घर में घुंसकर किया हमला, 4 लोग घायल

ग्रामीणों और अभ्यर्थियों से अपील

पुलिस ने ग्रामीणों और अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस तरह के गिरोहों के झांसे में न आएं और कोई भी संदिग्ध गतिविधि देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Exit mobile version