Site icon News1India

योगी के इस सुपरकॉप आईपीएस के घर पर चोरों ने बोला धावा, नकदी और जेवरात के साथ उखाड़ ले गए 26 टोटियां

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में चोरों ने हैरतअंगेज वारदात को अंजाम दे डाला। मुख्तार अंसारी को सलाखों के पीछे भेजने वाले आईपीएस सुपरकॉप के घर पर दस्तक दी। मकान के अंदर रखे जेवरात, नकदी और नलों की 26 टोटियां भी उखाड़ कर अपने साथ लेकर चले गए। राजधानी के विकास नगर क्षेत्र में आईपीएस अधिकारी के घर पर चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया है। सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। आसपास में लगे सीसीटीवी को खंगाला और चोरों की गिरफ्तारी को लेकर ऑपरेशन शुरू कर दिया।

लखनऊ के विकास नगर इलाके में आईपीएस अफसर यमुना प्रसाद का मकान है। वर्तमान में आईपीएस अफसर की पोस्टिंग नोएडा मेंं है। घर पर कोई नहीं रहता। इसी के चलते अफसर के बंद मकान से चोर नकदी, गहने, टोंटी, घड़ी और उन्हें मिले उपहार तक चोरी कर ले गए। उनके साले असित सिद्धार्थ 23 तारीख को जब मकान के अंदर गए तो घटना की जानकारी हुई। इस पर उन्होंने विकासनगर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल से लगभग सात सौ मीटर दूर लेखराज पन्ना पुलिस चौकी है। उसके बावजूद पुलिस को इसकी जानकारी नहीं हुई।

पुलिस को दी तहरीर में संजय विहार निवासी असित सिद्धार्थ ने बताया कि उनके जीजा यमुना प्रसाद वर्तमान में नोएडा में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हैं। परिवार के साथ वह नोएडा में ही रहते हैं। असित उनके मकान की देखरेख करते हैं। असित के मुताबिक 22 सितंबर को वह यमुना प्रसाद सिंह के आवास गए तो बिजली नहीं आ रही थी। इस बिजली विभाग को सूचना दी गई। 23 सितंबर को बिजली विभाग की टीम निराकरण कराने पहुंची। इस पर वह आवास के अंदर गए तो पीछे कमरों की खिड़की की ग्रिल कटी हुई थी। कमरे और अलमारी में रखा सामान भी अस्त-व्यस्त था। तत्काल मैंने परिवार के अन्य सदस्यों को चोरी की घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्य मौके पर आए।

असित ने बताया कि देखने पर पता चला कि चोर मकान के अंदर से 50 हजार रुपये नकदी, दो दीवार घड़ी, तीन हाथ वाली घड़ी, कुछ उपहार, चांदी के 10 सिक्के, बाथरूम के नल की लगभग 20 टोंटी, चांदी के दो गिलास और कटोरी चोरी कर ले गए। उन्होंने विकास नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि घटना किस दिन हुई है अभी यह स्पष्ट नहीं है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर सीसी फुटेज देखे जा रहे हैं।

पंजाब की रोपड़ जेल में सजा के दौरान माफिया मुख्तार अंसारी द्वारा बाराबंकी नंबर की फर्जी नंबर प्लेट लगी एम्बुलेंस इस्तेमाल करने का मामला सामने आया था। वर्ष 2021 की इस घटना को लेकर बाराबंकी के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रहे यमुना प्रसाद सिंह ने मुख्तार व उसके 12 गुर्गों के खिलाफ गैंग्सटर समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मुख्तार उस वक्त जेल में ही था। उसके 12 गुर्गों की इस मामले में गिरफ्तारी हुई थी। फिलहाल चोरी की यह वारदात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। चोर 3 बाथरूम से 20 टोटियां भी खोल ले गए हैं। वहीं इतनी बड़ी संख्या में टोटियां चोरी होना लोगों को हैरान कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

 

Exit mobile version