Site icon News1India

‘साल में 52 बार जुमा पर होली एक दिन’.. रंग से ऐतराज तो घर पर रहें जनाब, संभल CO की दो टूक

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। रमजान का महिना चल रहा है। अगले सप्ताह होली का पर्व का है। त्योहारों के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर है और जिलों में बैठकों का दौर जारी है। इसी कड़ी में संभल में भी सख्ती बरती जा रही है और अधिकारियों ने पीस कमेटी की बैठक भी बुलाई। बैठक में दोनों समुदाय के लोग शामिल रहे। इसी बैठक में संभल के सीओ अनुज चौधरी ने विशेष रूप से रंग से ऐतराज रखने वाले व्यक्तियों को लेकर एक सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, जिन्हें रंग पड़ने से ऐतराज हो, वे होली के दिन घर से न निकलें। इससे सामाजिक सौहार्द भी कायम रहेगा।

कीड़े-मकोड़े नहीं समझना चाहिए

सीओ अनुज चौधरी ने आगे कहा कि, अगर आप अपने धर्म का सम्मान करते हैं तो दूसरे धर्म वालों को कीड़े-मकोड़े नहीं समझना चाहिए। पीस कमेटी की बैठक के बाद सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि जो लोग इसमें नहीं आए हैं, उनको बता दिया जाए कि साल में 52 बार जुमा आता है, लेकिन होली एक दिन। जिसको होली खेलनी हो और जिस भाई के अंदर होली खेलने की कैपेसिटी हो, वही इंसान घर से बाहर निकले, वरना घर के अंदर रहकर ही नमाज पढ़े। क्योंकि, पुलिस-प्रशासन किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं करेगा।

किसी भी हाल में शांति-व्यवस्था ना बिगड़े

सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि, यह बात बिल्कुल ध्यान में रखना है कि किसी भी हाल में शांति-व्यवस्था ना बिगड़े। बैठक में मुस्लिम समुदाय से साफ तौर पर कहा गया है कि जिस तरह से आप पूरे साल ईद का इंतजार करते हैं, ठीक वैसे ही होली भी हिंदुओं के मिलन का त्यौहार है, अगर रंग से आपत्ति है तो उस दिन घर से बाहर निकालने की गलती ना करें। उस दिन पूजा-पाठ या नमाज आदि घर के अंदर ही करें, क्योंकि हर जगह भगवान और अल्लाह है।

तो वो उस दिन घर से ना निकले

पुलिस किसी भी सूरत में कानून का उल्लंघन नहीं होने देगी। हिंदू पक्ष भी अनावश्यक किसी पर रंग ना डाले। नियम सबके लिए समान हैं। अनुज चौधरी ने कहा, ’मेरा सीधा और साफ कहना है कि जुम्मा साल में 52 बार आता है, होली साल में एक बार आती है। मुस्लिम समुदाय में किसी को लगता है कि होली के रंग से आपका धर्म भ्रष्ट हो जाएगा, तो वो उस दिन घर से ना निकले। अगर निकले तो उसका इतना बड़ा दिल होना चाहिए कि भाई सब एक जैसे हैं। रंग तो रंग है।

बुरा ना मानो होली

सीओ ने कहा कि, जिस तरह पूरे साल इंतजार करता है मुस्लिम पक्ष ईद का, इसी तरह से होली का भी इंतजार हिंदू पक्ष करता है। होली रंग डाल के, मिठाई खिला के, बुरा ना मानो होली है कहकर मनाई जाती है। उन्होंने आगे कहा ईद में भी लोग सेवईयां बनाते हैं, गले मिलते हैं. एक दुसरे के यहां जाते हैं। दोनों पक्ष हिंदू मुस्लिम आप एक दूसरे का सम्मान करें। अनावश्यक किसी पर रंग न डालें।

काफी एहतियात बरती जा रही

आपको बता दें कि इस बार होली जुमे के दिन पड़ रही है। इसको लेकर संभल में काफी एहतियात बरती जा रही है। डीआईजी, एसपी, सीओ समेत कई बड़े अधिकारियों ने जिले की सुरक्षा-व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने रमजान और होली को लेकर कई ठोस कदम उठाए हैं। अराजकत्वों पर नजर रखी जा रही हैं।

Exit mobile version