UP News:उत्तर प्रदेश में तंबाकू और गुटखा खाने की आदत अब ज्यादा खतरनाक होती जा रही है, खासकर जवान लोगों के लिए। हाल ही में लखनऊ के एक 32 साल के एक आदमी को गुटखा खाने की आदत थी और वह दिनभर में 20-22 पुड़ियां खा जाता था। कुछ समय से उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी। जब उसने डॉक्टर से जांच करवाई, तो पता चला कि दिल से जुड़ी समस्या है। ऐसे ही 43 साल के एक गल्ला व्यापारी को तंबाकू खाने से दिल की बीमारी हो गई और उनकी धड़कन की गति धीमी हो गई। दोनों को डॉक्टरों ने तंबाकू और गुटखा छोड़ने की और ख़ुद को स्वस्थ रखने की सलाह दी।
नई बीमारियों की शुरुआत
अगर आप भी गुटखा या तंबाकू खाते हैं, तो अब समझ जाइए कि यह आदतें आपके दिल के लिए खतरे की घंटी हो सकती हैं। सर्दी का मौसम आते ही दिल से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगी हैं। खासकर 18 से 35 साल के लोग इस समय ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। सांस लेने में दिक्कत, सीने में दर्द और धड़कन की धीमी रफ्तार जैसी समस्याएं अस्पताल में भर्ती होने का कारण बन रही हैं। हृदय रोग संस्थान (कार्डियोलॉजी) में पिछले दस दिनों में गुटखा और तंबाकू खाने वाले 550 मरीज आए है, जिनमें से आधे से ज्यादा मरीज जवान थे।
Health care:अगर आप भी हैं working women तो आपके लिए बहुत फ़ायदेमंद हैं ये टिप्स।
दिल के मरीज़ो में बढ़ोत्तरी
गुटखा और तंबाकू का ज्यादा सेवन दिल के लिए बहुत हानिकारक है। इससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है, सीने में दर्द हो सकता है और दिल की धड़कन धीमी हो सकती है। सर्दी के समय में ये समस्याएं और बढ़ सकती हैं। अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
डॉ. नीरज कुमार, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, कहते हैं कि गुटखा और तंबाकू जैसी आदतें युवा दिलों के लिए खतरनाक हो सकती हैं। उनका कहना है कि अगर आपको इन चीजों की आदत है और दिल से जुड़ी कोई समस्या महसूस हो, तो बिना देर किए डॉक्टर से मिलें।