Site icon News1India

बरेली में मूसलधार बारिश का कहर जनजीवन ठप, 48 घंटे का हाई अलर्ट, आठवीं तक स्कूल बंद

Bareilly Rain Alert

Bareilly Rain Alert : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बारिश का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे शुरू हुई तेज बारिश अब भी रुक-रुककर जारी है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। बच्चों को जब सुबह अभिभावकों के मोबाइल पर स्कूल बंद होने का संदेश मिला, तब जाकर छुट्टी की जानकारी मिली।

बारिश का यह सिलसिला सोमवार से ही शुरू हो गया था, जब पूरे दिन रिमझिम और तेज बौछारें पड़ती रहीं। मौसम विभाग ने बरेली समेत आसपास के क्षेत्रों के लिए 48 घंटे का भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और मानसूनी गतिविधियों के चलते अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। बीते 24 घंटे में शहर में 86.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

शहर की रफ्तार पर लगा ब्रेक

लगातार हो रही बारिश ने बरेली की रफ्तार थाम दी है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। रोडवेज, कोहाड़ापीर, कुतुबखाना, साहूकारा, बांस मंडी, बड़ा बाजार और श्यामगंज जैसे इलाकों में पानी भरने से बाजारों में सन्नाटा पसरा है। लोग बेहद जरूरी काम होने पर ही घरों से निकल रहे हैं।

यह भी पढ़ें : Shahjahanpur की गलियों में घूमता मिला मगरमच्छ, युवकों ने दिखाई…

तेज बारिश के चलते अधिकतम तापमान गिरकर 27.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान भी 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इस गिरावट से जहां गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिली है, वहीं जलभराव और सड़कों पर फिसलन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

संक्रमण पर डॉक्टरों ने दी चेतावनी 

जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राहुल बाजपेयी ने चेतावनी दी है कि जलभराव के कारण मच्छरजनित और जलजनित रोगों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। सड़कों पर फैली गंदगी से डेंगू, मलेरिया, बुखार, दस्त, उल्टी और त्वचा संबंधी रोग फैल सकते हैं। उन्होंने सलाह दी कि इस मौसम में उबला या फिल्टर किया हुआ पानी पिएं, ताजा और हल्का भोजन करें। यदि किसी को बुखार या पेट की समस्या हो और 24 घंटे में आराम न मिले, तो डॉक्टर से तुरंत परामर्श लें। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के बाद धूप निकलने से उमस और चिपचिपी गर्मी बढ़ेगी, जिससे शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा।

ऐसे में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। लगातार हो रही बारिश ने आम नागरिकों की दिनचर्या पर असर डाला है। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे, दफ्तर जाने वाले जलभराव में फंसे हैं, और छोटे दुकानदारों की बिक्री भी प्रभावित हो रही है। फिलहाल मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश की चेतावनी दोहराई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही सतर्क हैं और लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।

Exit mobile version