Ghaziabad crime :ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी और उसके कथित प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। आरोपी पति वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं।
पत्नी और दोस्त की हत्या से मचा हड़कंप
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान शबनम (36) और फहीम (32) के रूप में हुई है। शबनम आरोपी राशिद की पत्नी थी, जबकि फहीम को राशिद का करीबी दोस्त बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
रात में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि पुलिस को रात करीब 12:40 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि बुद्ध बाजार मोहल्ले में झगड़ा हुआ है और दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां राशिद के घर में शबनम और फहीम के शव पड़े मिले। दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उनकी हत्या किसी भारी वस्तु से वार कर की गई है।
अवैध संबंधों के शक में वारदात
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फहीम रात में शबनम से मिलने उसके घर आया था। इसी दौरान आरोपी राशिद भी घर पहुंच गया। तीनों के बीच विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर राशिद ने दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के पीछे अवैध संबंधों का शक मुख्य कारण माना जा रहा है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।
जांच जारी, पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव
फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतकों के परिजनों से तहरीर लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह घटना एक बार फिर समाज में बढ़ते पारिवारिक विवादों और हिंसा की गंभीरता को उजागर करती है।







