Lucknow Robbery Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में एक हैरान कर देने वाली डकैती की घटना सामने आई है। विवेकखंड-1 में रहने वाले एक रियल एस्टेट कारोबारी के घर में सात बदमाश घुस गए। देर रात हुई इस वारदात के दौरान बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बना लिया और घर में रखी नकदी तथा कीमती जेवर लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
परिवार को धमकाकर बनाया बंधक
जानकारी के अनुसार, कारोबारी चमनलाल दिवाकर अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। परिवार में उनकी पत्नी सुनीता, बेटियां कोमल, प्रिया और काजल तथा बेटा पीयूष शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। जैसे ही परिवार के लोगों ने उन्हें देखा और शोर मचाने की कोशिश की, बदमाशों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद सभी लोगों को काबू में कर लिया।
हाथ-पैर बांधकर की लूटपाट
बदमाशों ने घर के पर्दे और चादरों को काटकर परिवार के लोगों के हाथ-पैर बांध दिए। इतना ही नहीं, उनके मुंह पर टेप भी चिपका दी गई ताकि कोई मदद के लिए आवाज न लगा सके।
इसके बाद बदमाश करीब एक घंटे तक घर में मौजूद अलमारियों और कमरों की तलाशी लेते रहे। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 20 लाख रुपये नकद अपने कब्जे में ले लिए।
बेटियों के कमरे में पहुंचने पर बदला व्यवहार
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब बदमाश घर की बेटियों के कमरे में पहुंचे। परिवार के अनुसार, बेटियां कोमल और काजल अजनबी लोगों को देखकर बेहद घबरा गई थीं। चमनलाल दिवाकर ने पुलिस को बताया कि दोनों बेटियों की डरी हुई हालत देखकर बदमाशों ने उनसे कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके घर में भी बहनें हैं और वे केवल अपना काम करके चले जाएंगे। बदमाशों की यह बात सुनकर परिवार भी कुछ समय के लिए हैरान रह गया।
लूट के बाद मौके से फरार हुए आरोपी
घर की तलाशी लेने और कीमती सामान समेटने के बाद सभी बदमाश वहां से फरार हो गए। किसी तरह परिवार के लोगों ने खुद को मुक्त किया और घटना की जानकारी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस कर रही तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमें बनाई गई हैं। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और लूट का सामान भी बरामद कर लिया जाएगा।
