Site icon News1India

आतंकियों का यूपी कनेक्शन उजागर: लखनऊ और लखीमपुर से जुड़ रहे ISKP के तार, सीएम योगी ने दिए हाई अलर्ट के आदेश

UP

UP connection: दिल्ली धमाके की जांच के दौरान उत्तर प्रदेश का आतंक कनेक्शन सामने आया है। अहमदाबाद में गुजरात एटीएस द्वारा पकड़े गए आईएसकेपी मॉड्यूल के तीन संदिग्धों में एक लखीमपुर खीरी का है, जबकि जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ की रहने वाली एक महिला डॉक्टर को हथियार बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों घटनाओं ने जांच एजेंसियों को सतर्क कर दिया है और यूपी में सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट पर रखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सघन तलाशी, चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए हैं। लखनऊ और लखीमपुर अब जांच एजेंसियों के विशेष रडार पर हैं।

गुजरात एटीएस ने रविवार को अहमदाबाद से आईएसकेपी मॉड्यूल से जुड़े तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक युवक, मोहम्मद सोहेल, लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील के झाला गांव का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह तीन साल से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के एक मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। परिवार का कहना है कि सोहेल का किसी आतंकी गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है और उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।

सोहेल के साथ ही शामली जिले के सुलेमान शेख को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों की मुलाकात उसी मदरसे में हुई थी और जांच एजेंसियों को शक है कि इन्हीं के जरिए अहमदाबाद में सक्रिय मॉड्यूल का यूपी से संपर्क बना। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में जुटी हैं।

AIIMS Gorakhpur में बंपर भर्ती! सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, बस करना होगा ये

उधर, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ की लालबाग निवासी डॉक्टर शाहीन शाहिद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उनकी कार से राइफल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार डॉ. मुजामिल नामक व्यक्ति के इस्तेमाल में थी, जो लंबे समय से आतंकी संगठनों के संपर्क में था। जांच में यह भी सामने आया कि शाहीन और मुजामिल कई बार एक साथ देखे गए थे।

UP मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए यूपी में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जिलों में संवेदनशील इलाकों की निगरानी, वाहनों की सघन चेकिंग, धार्मिक स्थलों, मॉल, रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं।

UP राज्य पुलिस, एटीएस, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को अलर्ट पर रखा गया है। एजेंसियों को निर्देश है कि संदिग्ध गतिविधियों और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि किसी भी आतंकी नेटवर्क को पनपने से पहले ही ध्वस्त किया जा सके।

Exit mobile version