Site icon News1India

योगी सरकार ने खोला सरकारी नौकरियों का पिटारा, 2 लाख पदों पर भर्ती का मौका; लाखों में सैलरी

UP

UP: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। प्रदेश सरकार ने आगामी दो वर्षों में 2 लाख सरकारी पदों पर भर्तियां करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह जानकारी दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि इस साल एक लाख और अगले साल एक लाख भर्तियां निकाली जाएंगी। इनमें से 40,000 भर्तियां केवल पुलिस विभाग में होंगी।

पुलिस विभाग में 40 हजार नई भर्तियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की कि UP पुलिस विभाग में अगले छह महीनों के भीतर 40 हजार नई भर्तियां की जाएंगी। इसमें 20 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। यह बयान उन्होंने यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के सफल आयोजन के बाद दिया। परीक्षा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन का उपयोग किया गया था।

अगले दो साल में 2 लाख पदों पर भर्ती

सीएम योगी ने कहा कि आने वाले दो सालों में कुल 2 लाख सरकारी भर्तियां होंगी। इनमें से 1 लाख पद पुलिस विभाग में भरे जाएंगे। फिलहाल 60,244 कांस्टेबल पदों पर भर्ती चल रही है, जिसके बाद 40 हजार नई भर्तियां जारी होंगी। इस भर्ती से उन युवाओं को भी मौका मिलेगा जो इस बार आवेदन करने से रह गए थे या चयनित नहीं हो पाए थे।

योग्यता और आयु सीमा

UPपुलिस कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का 12वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदक की उम्र 18 से 25 साल के बीच होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाती है। इसके साथ ही, खास बात यह है कि इन पदों के लिए उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य नहीं है। देश के किसी भी कोने से योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।

यहां पढ़ें: अखिलेश को मठाधीश में माफिया और एनकाउंटर में दिखती है जाति, अयोध्या की बेटी के मामले में पीडीए गायब क्यों?

अन्य विभागों में भी होगी भर्ती

UP पुलिस विभाग के अलावा, UP सरकार 20,000 और पदों पर भी भर्ती करेगी। इनमें 10,684 पद आंगनबाड़ियों में एजुकेटर के लिए और 10,000 पद बस कंडक्टर के लिए होंगे। इन पदों पर भर्ती के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा।

यूपी सरकार की यह बंपर भर्ती उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो सरकारी नौकरी पाने का सपना देख रहे हैं। अब यह देखना होगा कि इन भर्तियों में कितने योग्य उम्मीदवार सफल होते हैं और राज्य को कितने नए सरकारी कर्मचारी मिलते हैं।

Exit mobile version