UP IAS Transfer: क्या प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सचिव, विशेष सचिव और सीडीओ स्तर पर किए बड़े बदलाव

उत्तर प्रदेश सरकार ने 20 आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए कई विभागों और जिलों में नई तैनातियां की हैं। आजमगढ़, बलिया और इटावा के सीडीओ भी बदले गए हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की गई है।

UP IAS Transfer News

UP IAS Transfer : उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े स्तर पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। योगी आदित्यनाथ सरकार ने सचिव और विशेष सचिव स्तर के 20 आईएएस अधिकारियों की नई तैनाती की है। इसके साथ ही आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारियों (सीडीओ) को भी बदल दिया गया है। पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेश के अनुसार, सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से हटाकर श्रमायुक्त बनाया गया है। यह पद मार्कंडेय शाही के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली था। वहीं, डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। उनकी जगह नेहा शर्मा को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा और सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।

अरुण कुमार, जो अब तक अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग में कार्यरत थे, उन्हें उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है। वहीं, जे. रीभा को विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म के अपने वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

राज्य आजीविका मिशन की मिशन निदेशक रहीं दीपा रंजन को अब संस्कृति विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति बनाए रखा गया है, लेकिन उन्हें निदेशक संस्कृति और निदेशक सूचना के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।

सरकार ने संदीप भागिया को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया है। इससे पहले वह गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अपर आयुक्त राज्य कर के पद पर कार्यरत थे। हाल के दिनों में उनका नाम कई चर्चाओं में भी रहा था।

राकेश कुमार पटेल बने आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी

आजमगढ़ के मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना को गौतमबुद्ध नगर में अपर आयुक्त राज्य कर बनाया गया है। उनकी जगह राकेश कुमार पटेल को आजमगढ़ का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, रेणु तिवारी को महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग में विशेष सचिव के अतिरिक्त प्रभार से कार्यमुक्त कर दिया गया है।

मथुरा-वृंदावन नगर निगम में भी बड़ा बदलाव किया गया है। नगर आयुक्त जग प्रवेश को वन, पर्यावरण एवं जलवायु विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है। उनकी जगह बलिया के मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज को मथुरा-वृंदावन का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, आलोक कुमार को बलिया का नया मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।

इटावा को मिला नया मुख्य विकास अधिकारी

इटावा के मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम को गाजियाबाद में अपर आयुक्त राज्य कर प्रथम बनाया गया है। उनकी जगह संजय कुमार सिंह को इटावा का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा मनिकंदन ए. को अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त, राजस्व परिषद की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. वंदना वर्मा को अपने मौजूदा पद के साथ सहकारी चीनी मिल्स संघ के संयुक्त प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार का मानना है कि इन प्रशासनिक बदलावों से विभागों की कार्यप्रणाली और बेहतर होगी तथा विकास कार्यों में तेजी आएगी।

Exit mobile version