Site icon News1India

कार्तिक पूर्णिमा की भेंट चढ़ा चुनार स्टेशन: ट्रेन से कटकर 7 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, ग़लत पटरी पर उतरी ज़िंदगियाँ

MirzaPur

MirzaPur Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर ज़िले में आज (बुधवार, 5 नवंबर) चुनार रेलवे स्टेशन पर एक भीषण ट्रेन हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए आए कुछ यात्री चोपन-चुनार पैसेंजर ट्रेन से उतरकर दूसरी पटरी पार कर रहे थे, तभी अचानक कालका-हावड़ा एक्सप्रेस तेज़ रफ़्तार से आ गई और उन्होंने अपनी चपेट में ले लिया। रेलवे अधिकारियों ने इसे ‘Man Run Over’ (MRO) का मामला बताया है और फ़िलहाल 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि स्थानीय रिपोर्ट्स में मरने वालों की संख्या अधिक बताई जा रही है।

हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही लोगों के शरीर के चिथड़े उड़ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को तुरंत राहत कार्य तेज़ी से करने के निर्देश दिए हैं।

दुर्घटना का कारण: गलत दिशा से उतरना और पटरी पार करना

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना यात्रियों की लापरवाही के कारण हुई। चोपन-चुनार पैसेंजर ट्रेन से चुनार स्टेशन पहुँचे यात्री मुख्य प्लेटफ़ॉर्म की बजाय ट्रेन के विपरीत दिशा के दरवाज़ों से उतर गए और सीधे दूसरी लाइन पर चले गए। उसी समय, उसी पटरी पर कालका-हावड़ा एक्सप्रेस तेज़ी से गुज़र रही थी, जिसकी चपेट में आकर ये लोग हताहत हो गए।

मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर राहत और बचाव कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने SDRF और NDRF की टीमों को भी तुरंत मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने का आदेश दिया है।

मौके पर अफ़रा-तफ़री और जाँच के आदेश

हादसे के बाद चुनार स्टेशन परिसर में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल और रेलवे अधिकारी मौके पर पहुँच गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। रेलवे प्रशासन ने इस दुखद घटना की जाँच के आदेश भी दिए हैं। स्टेशन पर कार्तिक पूर्णिमा स्नान के चलते पहले से ही काफ़ी भीड़ थी, जिसने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया।

UP News: ट्रक की टक्कर से अर्टिगा कार के उड़े परखच्चे, बराबंकी हादसे में अब तक आठ लोगों ने तोड़ा दम

Exit mobile version