Site icon News1India

UP News : कोविड वैक्सीन की जगह लग गई एंटी रेबीज की सुई, आखिर कैसे हुई ऐसी चूक ?

UP News

UP News : लखीमपुर खीरी जिले के फूलबिहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण के दौरान बड़ी चूक सामने आई है। यहां नयापुरवा गांव निवासी शिवम जायसवाल जब कोविड-19 वैक्सीन लगवाने पहुंचे, तो टीकाकरण स्टाफ की गलती से उन्हें कोरोना टीके की जगह एंटी रेबीज का इंजेक्शन दे दिया गया। मामला तब सामने आया जब शिवम ने अस्पताल कर्मियों से CoWIN ऐप पर अपना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अपडेट करने की बात कही। उस समय पता चला कि उन्हें कोविड वैक्सीन की बजाय गलती से रेबीज का टीका लगाया गया है।

इस घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र भटनागर ने नोडल अधिकारी डॉ. वी.पी. पंत को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। डॉ. भटनागर ने यह भी स्पष्ट किया कि युवक को लगाए गए टीके से कोई स्वास्थ्य जोखिम नहीं है, क्योंकि यह टीका रेबीज के खिलाफ एक सुरक्षात्मक खुराक की तरह कार्य करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि टीकाकरण से जुड़े कर्मियों को और अधिक सतर्क व जिम्मेदार होना चाहिए था, ताकि इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

नोएडा में बढ़ रहे कोरोना के केस

इधर, नोएडा में कोविड मामलों में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने 1 से 31 मई तक धारा 144 लागू कर दी है। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या भूख हड़ताल के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा धार्मिक गतिविधियों जैसे सार्वजनिक रूप से पूजा या नमाज पढ़ने पर भी रोक लगाई गई है। परीक्षा के दौरान स्कूलों को सोशल डिस्टेंसिंग के सख्त नियमों का पालन करने का निर्देश दिया गया है।

यह भी पढ़ें : मोहर्रम जुलूस से लापता युवती से गैंगरेप के बाद हत्या…

दिल्ली में भी बड़ी संक्रमण की दर

देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना संक्रमण दर में इजाफा देखा जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, यदि पॉजिटिविटी रेट 5% से अधिक पहुंचता है, तो यह चिंता का विषय होता है। मौजूदा हालात को देखते हुए लॉकडाउन को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं, हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। प्रशासन स्थिति पर करीबी नजर बनाए हुए है।

Exit mobile version