UP Police Gallantry Medal 2026: लखनऊ में स्वतंत्रता दिवस से पहले यूपी पुलिस के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। प्रदेश के 12 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन राष्ट्रपति के वीरता पदक के लिए किया गया है। इनमें पुलिस विभाग के अलग-अलग पदों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
चयनित पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक अक्षय परवीर त्यागी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, शहीद निरीक्षक सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल संजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनीराज जी, आईपीएस, अपर पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता, आईपीएस, निरीक्षक नरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल आदेश त्रिपाठी और हेड कांस्टेबल प्रशांत कुमार समेत अन्य नाम शामिल हैं।
शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को मरणोपरांत सम्मान
एसटीएफ के शहीद निरीक्षक सुनील कुमार को राष्ट्रपति का वीरता पदक मरणोपरांत प्रदान किया जाएगा। शामली में बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उन्हें गोली लगी थी। कर्तव्य निभाते हुए उन्होंने अपनी जान गंवा दी थी।
वहीं, अक्षय परवीर त्यागी, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार और हेड कांस्टेबल दीपक कुमार को पहली बार वीरता पदक प्रदान किया जाएगा।
छह अधिकारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक
उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए छह अधिकारियों का चयन किया गया है। इनमें पुलिस महानिदेशक ध्रुव कांत ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक पद्मजा चौहान, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, सहायक कमांडेंट देव नारायण यादव, सहायक कमांडेंट अजय कुमार त्रिपाठी और उप पुलिस अधीक्षक विकास श्रीवास्तव शामिल हैं।
81 पुलिसकर्मियों को भी सम्मान
वीरता और उत्कृष्ट सेवा पदकों के अलावा यूपी पुलिस के 81 अधिकारियों और कर्मचारियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही फायर सर्विसेज के 16 कर्मियों को भी राष्ट्रपति के वीरता पदक प्रदान किए जाएंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह सम्मान समारोह पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा को सम्मानित करेगा।
