Final Result: यूपी पुलिस SI भर्ती 2025 का अंतिम परिणाम जारी, 4,543 अभ्यर्थियों का चयन

यूपी पुलिस SI भर्ती 2025 का अंतिम परिणाम घोषित हो गया है। 15.75 लाख से अधिक आवेदनों में से 4,543 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। सभी परीक्षार्थियों के नॉर्मलाइज्ड अंक 22 जुलाई को जारी किए जाएंगे।

UP Police SI Recruitment 2025 Final Result, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने उप निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह बड़ी खबर है। बोर्ड ने चयनित अभ्यर्थियों की सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। इसके साथ ही यह भी बताया गया है कि लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत (Normalized) अंक 22 जुलाई को जारी किए जाएंगे।

15.75 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

इस भर्ती प्रक्रिया के लिए 15.75 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था। इनमें से विभिन्न चरणों की परीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 4,543 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया है। चयनित उम्मीदवारों की सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

कब हुई थी भर्ती परीक्षा?

भर्ती बोर्ड ने इस भर्ती के लिए 12 अगस्त 2025 को विज्ञापन जारी किया था। लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को प्रदेश के विभिन्न जिलों में चार पालियों में आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) 15 से 17 जून तक कराया गया। इसके बाद 29 जून से 4 जुलाई के बीच शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) आयोजित की गई, जिसमें 9,758 अभ्यर्थी सफल रहे। इस परीक्षा को अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए पहली बार रेडियो-फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) तकनीक का उपयोग किया गया।

किस वर्ग से कितने अभ्यर्थियों का चयन?

भर्ती बोर्ड के अनुसार अंतिम चयन सूची में सभी आरक्षित और अनारक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। सामान्य वर्ग में 1,200 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 811 उम्मीदवारों को सफलता मिली। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 1,222 पद निर्धारित थे, लेकिन चयन सूची में 2,240 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। अनुसूचित जाति (SC) के 951 पदों के मुकाबले 1,017 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जबकि अनुसूचित जनजाति (ST) के 86 पदों पर 86 अभ्यर्थियों को चुना गया। इसके अलावा 954 महिला अभ्यर्थियों ने भी अंतिम चयन सूची में जगह बनाई है।

किन पदों पर होगी नियुक्ति?

इस भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक 4,242 पद उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के हैं। इसके अलावा 135 पद प्लाटून कमांडर पीएसी, 60 पद प्लाटून कमांडर विशेष सुरक्षा बल (SSF) और 106 पद महिला बटालियन के लिए भरे जाएंगे। बोर्ड ने सात मई को अंतिम उत्तर कुंजी जारी की थी, जिसके बाद सभी चयन प्रक्रियाएं पूरी कर अंतिम परिणाम घोषित किया गया।

22 जुलाई को जारी होंगे नॉर्मलाइज्ड अंक

भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम परिणाम जारी होने के बाद भी लिखित परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों के प्रसामान्यीकृत अंक 22 जुलाई को आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी वहां जाकर अपने अंक देख सकेंगे।

Exit mobile version