Site icon News1India

UP Politics: CM योगी आदित्यनाथ ने सपा पर बोला तीखा हमला, ‘औरंगजेब की आत्मा इनके अंदर समा गई है’

UP Politics

UP Politics: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गाजियाबाद में एक सभा (UP Politics) को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर कड़ा प्रहार किया। सीएम योगी ने अखिलेश यादव के “मठाधीश और माफिया” वाले बयान का जिक्र करते हुए उन पर निशाना साधा।

कुछ दिनों पहले, अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा था कि माफिया और मठाधीश में कोई अंतर नहीं होता। आज सीएम योगी ने इसी बयान को लेकर अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया।

सपा पर जमकर बरसे सीएम योगी

गाजियाबाद में संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया। सीएम योगी ने कहा, “समाजवादी पार्टी तो कुख्यात माफिया और अपराधियों के सामने झुक जाती थी। अपने संस्कार के अनुसार, ये लोग धर्माचार्यों को माफिया कहते हैं।

इनकी प्रवृत्ति ऐसी है कि औरंगजेब की आत्मा इनके भीतर समा चुकी है। यही कारण है कि ये भारत की धर्म और संस्कृति के प्रतीक धर्माचार्यों को माफिया कहने से नहीं चूकते, जबकि जो संगठित अपराध में शामिल थे, उनके सामने ये लोग नतमस्तक होकर नाक रगड़ते थे।”

यह भी पढ़े: आसान शब्दों में समझें क्या है वन नेशन-वन इलेक्शन का कॉन्सेप्ट? जानें कैसे होगा लागू

सीएम योगी ने क्या कहा?

सीएम योगी ने सपा पर आगे निशाना साधते हुए कहा, “ये लोग युवाओं का शोषण करते थे, किसानों को आत्महत्या के लिए मजबूर करते थे, और व्यापारियों को पलायन पर विवश करते थे। कैराना जैसी घटनाएं इन्हीं के कारण हुईं, जब व्यापारियों और हिंदुओं को वहां से पलायन करना पड़ा था।” उन्होंने जोर देकर कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित हैं, व्यापारियों का सम्मान है, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर हैं, और किसान भी आत्मसम्मान के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

क्या था अखिलेश यादव का बयान?

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सुल्तानपुर एनकाउंटर को लेकर योगी सरकार पर सवाल खड़े किए थे। मंगेश यादव के एनकाउंटर पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश ने कहा था कि अब प्रदेश में चप्पल पहनकर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने उत्तर प्रदेश को फर्जी एनकाउंटर की राजधानी बना दिया है। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि माफिया और मठाधीश में कोई अंतर नहीं होता।

Exit mobile version