Rani Laxmibai Scooty Yojana: यूपी के इन मेधावी छात्राओं को मिलेगी मुफ्त स्कूटी, किन दस्तावेज़ के साथ कर सकते हैं आवेदन

उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत वर्ष 2025-26 में सरकारी और निजी कॉलेजों की टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। योजना का लाभ पाने के लिए यूपी की मूल निवासी होना, आय सीमा और मेरिट की शर्तें पूरी करना जरूरी है।

Rani Laxmibai Scooty Yojana: उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दी है। इस योजना के तहत राज्य के सरकारी और निजी कॉलेजों की मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। इसका उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी आवाजाही को आसान बनाना है।

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

योजना का लाभ केवल उत्तर प्रदेश की मूल निवासी छात्राओं को मिलेगा। इसके लिए छात्रा का किसी सरकारी या निजी कॉलेज में स्नातक स्तर पर अध्ययनरत होना आवश्यक है। प्रत्येक संस्थान के पास-आउट बैच की टॉप 5 प्रतिशत मेधावी छात्राओं का चयन किया जाएगा। इसके अलावा परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। दिव्यांग, निराश्रित और शहीद परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

स्कूटी के साथ मिलेंगी ये सुविधाएं

सरकार चयनित छात्राओं को मुफ्त स्कूटी के साथ 5 लीटर पेट्रोल, हेलमेट, आरटीओ रजिस्ट्रेशन और वाहन बीमा की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी। इससे छात्राओं को अतिरिक्त खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

योजना में आवेदन करने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, 10वीं, 12वीं और स्नातक की अंकतालिकाएं, कॉलेज आईडी कार्ड, बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो और मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।

कैसे करें आवेदन?

छात्राएं उच्च शिक्षा विभाग या यूपी स्कॉलरशिप पोर्टल scholarship.up.gov.in के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। पोर्टल पर Rani Laxmibai Scooty Yojana विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर, आधार और रोल नंबर से पंजीकरण करना होगा। इसके बाद आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन के बाद कॉलेज या विश्वविद्यालय मेरिट का सत्यापन करेगा। अंतिम मेरिट सूची जारी होने के बाद चयनित छात्राओं को समारोह के दौरान स्कूटी की चाबी और संबंधित दस्तावेज सौंपे जाएंगे।

 

Exit mobile version