Site icon News1India

UP Scholarship 2026-27: पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन 11 अगस्त से, जानें आखिरी तारीख

UP Scholarship 2026-27:  उत्तर प्रदेश में पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होने जा रही है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

विभाग के अनुसार, पुराने छात्र 25 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, सत्र 2026-27 में नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

दो लाख रुपये तक आय वालों को मिलेगा लाभ

योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके माता-पिता या अभिभावक की वार्षिक आय दो लाख रुपये तक है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के जरिए विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी फीस और अन्य शैक्षणिक खर्चों में आर्थिक मदद की जाती है।

पिछले साल लाखों छात्रों को मिला लाभ

विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले शैक्षिक सत्र में 36 लाख से अधिक विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिला था। कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत 8.88 लाख छात्रों के बैंक खातों में 219.64 करोड़ रुपये भेजे गए।

वहीं, दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंटरमीडिएट से उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख विद्यार्थियों को 2882.02 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।

समय सीमा का रखें ध्यान

पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन करते समय दस्तावेज और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सही दर्ज करना जरूरी होगा।

Exit mobile version