Site icon News1India

UP Summit 2026 में बोले CM योगी, ‘दंगा मुक्त और उत्सव प्रदेश’ बनी उत्तर प्रदेश की नई पहचान

UP Summit 2026: उत्तर प्रदेश की राजनीति, विकास और कानून व्यवस्था पर केंद्रित रिपब्लिक भारत के विशेष कार्यक्रम ‘UP Summit 2026- ऊंचाइयों पर उत्तर प्रदेश’ का आयोजन मंगलवार को लखनऊ में हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान योगी सरकार के कई मंत्री, नीति निर्माता और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रदेश के विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

‘उत्सव प्रदेश’ बनी यूपी की नई पहचान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने कहा कि कभी प्रदेश की पहचान दंगों, कर्फ्यू और माफियाराज से होती थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त, कर्फ्यू मुक्त और उपद्रव मुक्त ‘उत्सव प्रदेश’ के रूप में अपनी नई पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होते हैं।

बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित

मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं। अपराध और माफिया के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के कारण लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था ने निवेशकों का विश्वास भी मजबूत किया है।

निवेश और रोजगार को मिली नई रफ्तार

सीएम योगी ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण उत्तर प्रदेश आज देश का प्रमुख निवेश केंद्र बन चुका है। एक्सप्रेसवे, नए एयरपोर्ट, बेहतर कनेक्टिविटी और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार से बड़े उद्योग राज्य में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तेजी से बढ़े हैं।

विकास की नई दिशा पर चर्चा

सम्मेलन के विभिन्न सत्रों में मंत्रियों और विशेषज्ञों ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, निवेश और सुशासन पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करना और भविष्य की विकास रणनीति पर चर्चा करना रहा।

Exit mobile version