UP Swine Flu Alert: यूपी में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत के बाद अलर्ट योगी सरकार, सीएम ने सभी जिलों को दिए सख्त निर्देश

उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर सरकार ने सतर्कता बढ़ा दी है। सीएम योगी ने अस्पतालों में दवाएं, जांच किट, आइसोलेशन वार्ड और उपचार व्यवस्था पर्याप्त रखने के निर्देश दिए हैं।

UP Swine Flu Alert 2026

UP Swine Flu Alert:उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के स्वास्थ्य विभाग, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से स्वाइन फ्लू के मामलों पर लगातार निगरानी रखने को कहा है। साथ ही उन्होंने चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और बीमारी से जुड़ी स्थिति में बदलाव की जानकारी तत्काल शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाई जाए।

अस्पतालों में तैयारी पूरी

सीएम योगी ने अस्पतालों में मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है। संबंधित अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, जरूरी दवाएं, जांच किट और उपचार की अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने के लिए कहा गया है। सरकार का जोर इस बात पर है कि जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

लक्षण दिखें तो जांच कराएं

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वाइन फ्लू के संभावित लक्षण दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन लक्षण होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह और आवश्यक जांच करानी चाहिए।

सरकार ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

लखनऊ में स्वाइन फ्लू से महिला की मौत

स्वाइन फ्लू से लखनऊ के इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की बलरामपुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जानकारी के अनुसार महिला को कुछ दिन पहले सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में परेशानी हुई थी।

परिजनों ने शुरुआत में उनका इलाज निजी अस्पताल में कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद 25 अगस्त को उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई, जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई। अस्पताल में भर्ती होने के बाद महिला की सांस लेने में परेशानी बढ़ती गई।

मुरादाबाद में पहला मामला

मुरादाबाद में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी निगरानी बढ़ा दी है। गाजियाबाद से लौटीं 42 वर्षीय पूजा शर्मा की जांच में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के मुताबिक महिला को तेज बुखार, गले में खराश और शरीर में दर्द की शिकायत थी। उन्हें एशियन विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

10 बेड का वार्ड आरक्षित

संभावित स्थिति से निपटने के लिए मुरादाबाद के जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए 10 बेड का विशेष वार्ड आरक्षित किया गया है। इसके अलावा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को कम से कम पांच-पांच बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलों में तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी होने की स्थिति में मरीजों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Exit mobile version