यूपी में सर्दी का कहर, 30 जिलों में घना कोहरा, ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन

उत्तर प्रदेश में सर्दी तेज हो गई है। 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, 1 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी शुरू होने की संभावना है।

weather

UP weather: उत्तर प्रदेश में सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी जिलों में कोहरे का कहर जारी है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। लखनऊ समेत कई जिलों में ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कानपुर 10 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडा जिला रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 1 दिसंबर से कड़ाके की सर्दी शुरू होने की संभावना है। हालांकि, अगले चार-पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।

इन जिलों में घना कोहरा

प्रदेश के आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर जैसे जिलों में बुधवार सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई रही। इन इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी। यहां सुबह और रात के समय कोहरे के चलते ठंडक और अधिक महसूस की जा रही है।

इन जिलों में कोहरे की संभावना

कोहरा केवल पूर्वी जिलों तक ही सीमित (UP weather) नहीं है। प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और अमेठी जैसे जिलों में भी कोहरा छाने की संभावना है। इन जिलों में सुबह और शाम को ठंडी हवाएं और कम दृश्यता परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकतानुसार गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी है।

लखनऊ का मौसम

राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने ठिठुरन और बढ़ा दी। मंगलवार को जहां न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बुधवार को इसमें 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से क्रमशः 1 और 3 डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को सुबह व शाम को कोहरा छाया रहेगा और दिन में धूप खिलेगी।

कानपुर सबसे ठंडा

कानपुर में इस सर्दी का (UP weather) अब तक का सबसे कम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री कम है। यह पूरे प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। इसके विपरीत, बाराबंकी में सबसे अधिक तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर अतुल सिंह के अनुसार, आगामी चार-पांच दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि 1 दिसंबर से सर्दी और अधिक बढ़ने की उम्मीद है।

यहां पढ़ें: ‘ये मणिपुर नहीं सीसामऊ है…’, Akhilesh Yadav ने क्यों कही ये बात, अफसरों पर लगाया बड़ा आरोप
Exit mobile version