Site icon News1India

UP Weather : गर्मी के थर्ड डिग्री टॉर्चर का अभी तो बस ट्रेलर, तपिश से बड़ी जंग बाकी, ‘सावधान’ आसमान से बरसेगी ’आग’

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। एकाएक मौसम ने करवट बदला और आसमान में गर्मी ने तांडव मचाना शुरू कर दिया। गर्म हवा और चिलचिलाती धूप के चलते 11 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरने के साथ ही दुकानों में तालेबंदी का दौर भी शुरू हो गया है। वहीं दिन में तपिश के साथ ही रातों में भी गर्माहट बढ़ गई है। बुधवार को प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, सुल्तानपुर, अमेठी, झांसी, आगरा जैसे कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 37 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है।

लू चलने की प्रबल संभावना

यूपी के अलावा देश के कई अन्य राज्यों में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। आसमान से आग बरस रही है। इंसान से लेकर बेजुबान हलकान है। मौसम के बदलते ही बीमारियों ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। बुधवार को प्रदेश के कई जनपदों में पारा 40 डिग्री के पास रहा। कुछ ऐसा ही हाल बृहस्पतिवार को भी रहेगी। पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में हीटवेव की तीव्रता और क्षेत्रफल में बढ़ोतरी के संकेत हैं। लू चलने की प्रबल संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वह घर से निकलने से पहले गमझा लेकर चलें। दोपहर के वक्त ऑफिस में रहें। पानी का सेवन अधिक से अधिक मात्रा में करें।

45 डिग्री तक जा सकता है तापमान 

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को प्रदेश के पूर्वी, दक्षिणी और बुंदेलखंड के इलाकों में हीटवेव की परिस्थितियां बन सकती हैं। अगले तीन-चार दिन यूपी में हीटवेव के दायरे और तीव्रता में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पछुआ से रातों में होने वाली गर्माहट में थोड़ी कमी आएगी। अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़त का अनुमान है। इस बीच झांसी व कुछ अन्य जिलों में तापमान के 45 डिग्री तक जा सकता है। बुंदेलखंड के हमीपुर में बृहस्पतिवार को पारा बढ़ सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते एक सप्ताह के दौरान हमीरपर जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा।

वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही , जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अलीगढ, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं लखनऊ में भी लोगों को गर्म हवाओं के साथ तपिश भरी धूप का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो दिन के साथ अब रात में भी गर्मी अपना कहर दिखाएगी। क्योंकि मौसम विभाग की ओर से यूपी में वॉर्म नाइट का अलर्ट जारी किया गया है।

उम्मीद से कहीं ज्यादा गर्मी पड़ने वाली

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 2024 को अब तक का सबसे गर्म साल माना गया था। पिछले साल देश ने 1901 के बाद सबसे ज्यादा गर्मी झेली। लेकिन जिस तरह से अप्रैल में ही गर्मी जला रही है उसने बता दिया है कि इस बार गर्मी पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ देगी। अब सवाल ये है कि क्या साल 2025 सबसे गरम साल के रूप में याद किया जाएगा। पिछले साल भारत में 536 हीटवेव यानी लू देखी गईं, जो 14 सालों में सबसे ज़्यादा थी। पिछले साल पहली हीटवेव 5 अप्रैल को दर्ज की गई थी, वहीं इस बार सोमवार 7 अप्रैल को इस मौसम में लू का पहला दिन था। चिंता की बात ये है कि देश में इस बार उम्मीद से कहीं ज्यादा गर्मी पड़ने वाली है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल देश के कई राज्यों में लू के दिनों की संख्या दोगुनी होने की आशंका है।

तो 2025 अब तक का सबसे गर्म साल होगा

आमतौर पर अप्रैल से जून के महीनों में लगातार 5-6 दिन लू चलती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिनों के ऐसे कई दौर आ सकते हैं। एक्सपर्ट का कहना है कि अगर हीटवेव के दिनों की संख्या दोगुनी होती है तो 2025 अब तक का सबसे गर्म साल होगा। ऐसे में पारा सामान्य से 5 डिग्री या इससे भी ज्यादा रह सकता है तो आगे गर्मी से बड़ी जंग लड़नी अभी बाकी है, जिसका ट्रेलर अप्रैल की शुरुआत में ही दिखने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, धूप में अधिक देर तक न रहने और खूब पानी पीने की सलाह दी गई है। सरकारी और स्वास्थ्य विभाग भी आमजन को लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील कर रहे हैं।

Exit mobile version