हिमाचल की बर्फबारी से यूपी-दिल्ली में सर्दी का कहर: 8 जिलों में शीतलहर, कई जगहों पर घना कोहरा

हिमाचल और उत्तराखंड की बर्फबारी का असर यूपी और दिल्ली में दिखने लगा है। गिरते तापमान और ठंडी हवाओं से ठंड बढ़ गई है। कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

weather

UP weather forecast: हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में तेज बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश और दिल्ली में तापमान तेजी से गिर रहा है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बीते कुछ दिनों में यूपी में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को यूपी के 8 जिलों में शीतलहर का अलर्ट और 10 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में भी ठंडी हवाओं और गिरते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। साथ ही दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब श्रेणी में पहुंच चुका है।

यूपी में कहर ढा रही ठंड

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर ने (UP weather) जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बहराइच और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में घने कोहरे का अनुमान है। शीतलहर के अलर्ट में सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली और बिजनौर शामिल हैं। मंगलवार को बुलंदशहर राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि अगले 48 घंटों में ठंड और बढ़ सकती है।

ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तापमान तेजी से गिरा है। मंगलवार को (UP weather) न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और बुधवार को 7 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पहाड़ी इलाकों से आ रही ठंडी हवाओं के चलते ठंड बढ़ी है। साथ ही, दिल्ली का एक्यूआई मंगलवार को 234 (खराब श्रेणी) पर दर्ज किया गया, जो सोमवार को मध्यम श्रेणी में था। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में ठंड और कोहरा जारी रहेगा। पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा रही हैं। हिमाचल में न्यूनतम तापमान कई जगहों पर माइनस में दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 11-12 दिसंबर को उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे सर्दी का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।

यहां पढ़ें: AAP विधायक अब्दुल रहमान ने पार्टी सदस्यता से दिया इस्तीफा, क्या था इसके पीछे का कारण?
Exit mobile version