Site icon News1India

यूपी में मौसम की आंखमिचौली.. 3 अप्रैल को 20 जिलों में बारिश की संभावना, किसानों की बढ़ी चिंता

UP Weather Update

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम की आंखमिचौली जारी है। गुरुवार सुबह गुलाबी ठंडक का एहसास हुआ, लेकिन मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 3 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में मौसमी गतिविधियां सक्रिय होंगी, जिससे मौसम का मिजाज नरम रहेगा। हालांकि, इस बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

20 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 3 अप्रैल को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (UP Weather Update) हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा जिसके चलते पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल छाएंगे। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी, साथ ही हल्की बूंदाबांदी, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं की संभावना है।

जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, मैनपुरी, इटावा, ललितपुर, जालौन, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़, जौनपुर और सहारनपुर शामिल हैं। पश्चिमी यूपी के मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और बागपत में भी हल्की बारिश हो सकती है।

किसानों की बढ़ रही चिंता

बुधवार को पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दीं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि 3 अप्रैल को होने वाली बारिश और तेज हवाएं फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं खासकर उन क्षेत्रों में जहां गेहूं और अन्य रबी फसलों की कटाई चल रही है। हालांकि यह बारिश ज्यादा भारी नहीं होगी और कुछ क्षेत्रों तक सीमित रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित करने के लिए जरूरी कदम उठाएं।

तापमान में बढ़ोतरी की संभावना

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के बाद मौसम साफ होने पर तापमान में बढ़ोतरी होगी। 4, 5 और 6 अप्रैल को मौसम साफ रहने की संभावना है जबकि 7 अप्रैल को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा। अगले 6 से 7 दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। बुधवार को फतेहपुर और बांदा सबसे गर्म जिले रहे जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मेरठ में सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

यह भी पढ़े: लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पर चर्चा के दौरान अखिलेश की बॉल पर अमित शाह का छक्का

प्रमुख शहरों का तापमान

प्रदेश के अन्य शहरों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वाराणसी बीएचयू में 39 डिग्री, बलिया में 38 डिग्री, कानपुर ग्रामीण में 38.4 डिग्री, सुल्तानपुर में 38.2 डिग्री, गाजीपुर में 38.5 डिग्री, अयोध्या में 36 डिग्री, हमीरपुर में 38.2 डिग्री और बरेली में 33.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। बुधवार को मौसम खुशगवार रहा लेकिन गुरुवार को मौसमी बदलाव के चलते तापमान में हल्की गिरावट की उम्मीद है।

मौसम का ताजा हाल

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के दक्षिणी हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। यह मौसमी गतिविधि तापमान को स्थिर रखेगी लेकिन तेज हवाओं और वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। 3 अप्रैल के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 7 अप्रैल तक शुष्क मौसम की वापसी होगी।

सावधानी बरतने की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से तेज हवाओं (UP Weather Update) और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। खुले मैदानों में न रहने, पेड़ों के नीचे न खड़े होने और बिजली के उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही किसानों को अपनी फसलों को बारिश और हवा से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है। उत्तर प्रदेश में मौसम की यह आंखमिचौली जहां गर्मी से राहत दे सकती है वहीं तेज हवाओं और वज्रपात के चलते सतर्कता बरतना जरूरी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम पर नजर रखने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Exit mobile version