Site icon News1India

आगरा में बनेगा यूपी का पहला रेल हेरिटेज पार्क और कोच रेस्टॉरेंट, ताजनगरी आने वाले यात्री उठा सकेंगे स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ

भारतीय रेल मंत्रालय यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सजग रहता है। इसी कड़ी में रेल मंत्रालय द्वारा इन दिनों आगरा रेल डिवीजन में विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

दरअसल आगरा डिवीजन में हेरिटेज पार्क और कोच रेस्टोरेंट बनाने के लिए प्लान तैयार किया है। बता दें कि  यह उत्तर प्रदेश का पहला हेरिटेज पार्क और कोच रेस्टोरेंट होगा। ताजनगरी आने वाले यात्रियों के साथ-साथ शहरवासी भी इस रेस्टोरेंट का लाभ उठा सकेंगे।

हेरिटेज पार्क एवं कोच रेस्टोरेंट बनेगा आय का नया स्त्रोत

आम आदमी बेशक पांच सितारा होटलों में खानपान का लुत्फ न उठा पाए हों लेकिन रेलवे के इस हेरिटेज पार्क एंड कोच रेस्टोरेंट में निश्चित तौर पर लजीज व्यंजनों का लाभ ले पाएंगे। रेल मंत्रालय द्वारा ईदगाह स्थित श्रीराम चौक पर बनाए जा रहे हेरिटेज पार्क एवं कोच रेस्टोरेंट को 5 वर्षों की लीज के लिए हिल्टन ग्रुप को दिया है। रेलवे ने 5 वर्षों के लिए इसे लगभग 90 लाख रुपए का टेंडर देकर सरकार को नया आय का स्त्रोत दिया है। रेलवे के हेरिटेज पार्क एंड कोच रेस्टोरेंट वर्तमान में भोपाल, जबलपुर, नई दिल्ली, मुंबई में ही उपलब्ध है। इसलिए कह सकते हैं आगरा के लोगों के लिए यह सुनहरा तोहफा है।

होटल जैसी फैसिलिटी के अलावा ले सकेंगे स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद

वहीं आगरा रेल मंडल की पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि ईदगाह क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर हेरिटेज पार्क और रेल कोच रेस्टोरेंट बनने जा रहा है। जिलके लिए हिल्टन ग्रुप को टेंडर दिया गया है। ताजनगरी में बनने जा रहा कोच रेस्टोरेंट उत्तर प्रदेश में पहला रेल कोच रेस्टोरेंट होगा। शहरवासी और यात्री इस कोच रेस्टोरेंट में होटल जैसी फैसिलिटी के अलावा स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद उठा सकेंगे।

Exit mobile version