UPSSSC OTR Registration: यूपी में सरकारी नौकरी के लिए जरूरी है वन टाइम रजिस्ट्रेशन ? जानें कौन कर सकता है आवेदन

UPSSSC की PET और अन्य ग्रुप 'सी' भर्तियों में आवेदन के लिए OTR अनिवार्य है। 10वीं पास और 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के उम्मीदवार वन टाइम रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। OTR की कोई अंतिम तिथि नहीं है, लेकिन भर्ती से पहले इसे पूरा करना बेहतर माना जाता है।

UPSSSC OTR Registration: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ग्रुप ‘सी’ भर्तियों और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) में आवेदन करने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य है। इस व्यवस्था के तहत उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी केवल एक बार पोर्टल पर दर्ज करनी होती है। इसके बाद मिलने वाले यूनिक OTR नंबर की मदद से भविष्य की सभी भर्तियों के लिए आसानी से आवेदन किया जा सकता है।

कौन कर सकता है OTR?

OTR के लिए वही उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिन्होंने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं कक्षा पास की हो। 12वीं, स्नातक और स्नातकोत्तर अभ्यर्थी भी अपनी उच्चतम योग्यता के साथ पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु सामान्यतः 40 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलती है। भारत का कोई भी नागरिक OTR करा सकता है।

कौन नहीं कर सकता आवेदन?

10वीं से कम शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी, 18 वर्ष से कम आयु के उम्मीदवार और आयोग द्वारा प्रतिबंधित अभ्यर्थी OTR के लिए पात्र नहीं हैं।

ऐसे करें OTR रजिस्ट्रेशन

सबसे पहले UPSSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर OTR लिंक पर क्लिक करें। मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, नाम और जन्मतिथि दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करें। OTP सत्यापन के बाद लॉगिन कर पासवर्ड बनाएं। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण भरें और पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। सभी जानकारियां जांचने के बाद प्रोफाइल को फाइनल सबमिट या लॉक करें। इसके बाद आपका यूनिक OTR नंबर जनरेट हो जाएगा।

क्या है OTR की अंतिम तिथि?

UPSSSC OTR के लिए कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है। यह सुविधा पूरे वर्ष उपलब्ध रहती है। हालांकि आयोग सलाह देता है कि PET या किसी भर्ती का नोटिफिकेशन आने से पहले ही OTR पूरा कर लें, क्योंकि आवेदन के समय वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक के कारण तकनीकी दिक्कतें आ सकती हैं।

क्या होगा फायदा?

OTR के बाद हर नई भर्ती में बार-बार व्यक्तिगत जानकारी भरने की जरूरत नहीं पड़ती। इससे आवेदन प्रक्रिया तेज होती है, समय की बचत होती है और फॉर्म भरने में गलतियों की संभावना भी कम हो जाती है।

 

Exit mobile version