उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 का आयोजन 2 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा आयोजित यह परीक्षा तीन दिनों तक ऑफलाइन मोड में कराई जाएगी। सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षक बनने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा अनिवार्य मानी जाती है।
UPTET में दो अलग-अलग पेपर आयोजित किए जाते हैं। कक्षा 1 से 5 तक शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवारों को पेपर-1 देना होता है, जबकि कक्षा 6 से 8 तक के लिए पेपर-2 आयोजित किया जाता है।
कैसा होगा परीक्षा पैटर्न?
UPTET के दोनों पेपर में कुल 150 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। सबसे बड़ी राहत यह है कि परीक्षा में किसी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। ऐसे में उम्मीदवार सभी प्रश्नों का उत्तर बिना अंक कटने की चिंता के दे सकते हैं।
पास होने के लिए कितने अंक जरूरी?
UPTET 2026 के नोटिफिकेशन के अनुसार सामान्य (General) वर्ग के उम्मीदवारों को परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। यानी 150 अंकों की परीक्षा में न्यूनतम 90 अंक लाना अनिवार्य होगा।
वहीं अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), दिव्यांग (PwD) और भूतपूर्व सैनिक (Ex-Servicemen) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 55 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं। यानी इन वर्गों के उम्मीदवारों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 82 अंक प्राप्त करने होंगे।
लाइफटाइम वैध रहेगा सर्टिफिकेट
UPTET परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को लाइफटाइम वैधता वाला पात्रता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसी प्रमाणपत्र के आधार पर उम्मीदवार विभिन्न शिक्षक भर्ती प्रक्रियाओं में आवेदन कर सकेंगे।
इसके अलावा UPTET क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थी सुपर TET परीक्षा में भी शामिल हो सकते हैं, जिसके आधार पर मेरिट सूची तैयार कर सरकारी शिक्षक पदों पर नियुक्ति की जाती है।
कब जारी होंगे एडमिट कार्ड?
UPESSC की ओर से UPTET 2026 के एडमिट कार्ड 30 जून 2026 को जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने लॉगिन विवरण की मदद से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य होगा।
