Uttar Pradesh Padma award winners 2025: देश के सबसे प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार-2025 की घोषणा के बाद मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाली मशहूर हस्तियों को यह पुरस्कार दिया। उत्तर प्रदेश की कई जानी-मानी प्रतिभाओं को भी इस साल यह सम्मान मिला है, जिससे पूरे प्रदेश को गर्व महसूस हुआ।
साध्वी ऋतम्भरा को मिला पद्म भूषण सम्मान
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहीं साध्वी ऋतम्भरा को इस बार पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि साध्वी ऋतम्भरा का जीवन महिलाओं, बच्चों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित रहा है। उनकी संस्था ‘वात्सल्य ग्राम’ आज देशभर में सामाजिक सेवा का एक बेहतरीन उदाहरण है।
भुलई भाई को मिला पद्म श्री (मरणोपरांत)
पूर्व विधायक नारायण जी ‘भुलई भाई’ को उनके समाजसेवा और राजनीति में योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म श्री दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि भुलई भाई का जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए निस्वार्थ सेवा और लोक प्रतिनिधित्व का आदर्श बना रहेगा।
चिकित्सा क्षेत्र में योगदान के लिए प्रो. सोनिया नित्यानंद को पद्म श्री
केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद को चिकित्सा क्षेत्र में उनके बेहतरीन शोध के लिए पद्म श्री मिला है। उन्होंने रक्त संबंधी बीमारियों और स्टेम सेल ट्रांसप्लांट पर सराहनीय शोध किए हैं। सीएम योगी ने इसे मेडिकल साइंस के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया।
शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में प्रो. सैय्यद ऐनुल हसन को पद्म श्री
प्रो. सैय्यद ऐनुल हसन, जो हिंदी और उर्दू साहित्य में गहरी पकड़ रखते हैं, को शिक्षा और साहित्य में योगदान के लिए पद्म श्री मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रयासों ने भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में एकता और समरसता को बढ़ावा दिया है।
विज्ञान में न्यू इन्वेंशन के लिए प्रो. आशुतोष शर्मा को सम्मान
प्रो. आशुतोष शर्मा, जो पहले विज्ञान और तकनीकी विभाग के सचिव रह चुके हैं, को पद्म श्री से नवाजा गया है। उन्हें विज्ञान और तकनीकी नवाचार में उनके उल्लेखनीय काम के लिए यह सम्मान दिया गया। योगी जी ने कहा कि उनकी उपलब्धियां प्रदेश ही नहीं, पूरे देश के लिए गर्व की बात हैं।
ये भी पढ़ें-Up Covid Case: प्रदेश में पैर पसारने लगा कोरोना, लखनऊ समेत इन शहरों में मिले नए मरीज़
100 से अधिक लोगों को मिला पद्म सम्मान
पद्म पुरस्कार हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत सरकार द्वारा घोषित किए जाते हैं। ये तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं—पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री। इस साल देशभर की 100 से ज्यादा हस्तियों को समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान और कला जैसे क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।