Site icon News1India

Varanasi Cruise Tour: गंगा की लहरों पर 3 दिन का शाही सफर, सितंबर में शुरू होगी लग्जरी ‘गंगा हेरिटेज वॉयज’

Varanasi Cruise Tour:  वाराणसी आने वाले पर्यटकों के लिए इस सितंबर एक खास लग्जरी अनुभव शुरू होने जा रहा है। पर्यटन विभाग ने निजी क्षेत्र के सहयोग से ‘गंगा हेरिटेज वॉयज’ थीम पर तीन दिवसीय लग्जरी क्रूज यात्रा की शुरुआत की है। यह विशेष यात्रा 4 से 6 सितंबर तक आयोजित होगी। इसके लिए प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस दौरान पर्यटक गंगा की लहरों पर शाही सफर के साथ काशी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को बेहद करीब से महसूस कर सकेंगे।

क्रूज पर लग्जरी सुविधाओं का मिलेगा आनंद

अलकनंदा क्रूजलाइन के अनुसार, इस यात्रा में यात्रियों को लग्जरी केबिन, शाकाहारी व्यंजन, शानदार लाउंज, सनडेक, वेलनेस सुविधाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनुभव मिलेगा। गंगा आरती, शास्त्रीय संगीत संध्या, बनारसी हाई-टी और विशेष डिनर भी यात्रा का हिस्सा होंगे। सफर के दौरान गंगा डॉल्फिन, काशी के प्रसिद्ध घाटों और प्राकृतिक दृश्यों का भी आनंद लिया जा सकेगा।

तीन दिन का रहेगा खास कार्यक्रम

पहले दिन यात्रियों का स्वागत, चेक-इन, शाम की गंगा आरती क्रूज, हाई-टी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। दूसरे दिन सूर्योदय के समय चुनार तक नौका विहार कराया जाएगा। इसके बाद सिद्धनाथ की दरी, चुनार किला और शूलटंकेश्वर मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे दिन गंगा किनारे योग सत्र, घाटों की मॉर्निंग वॉक और नाश्ते के बाद विदाई दी जाएगी।

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से होगा जुड़ाव

इस यात्रा का उद्देश्य केवल पर्यटन नहीं बल्कि गंगा की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर से लोगों को जोड़ना भी है। क्रूज यात्रा के दौरान यात्रियों को काशी के इतिहास, परंपराओं और धार्मिक महत्व से परिचित कराया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि यह अनुभव जीवनभर याद रहने वाला होगा।

Exit mobile version