Site icon News1India

राम मंदिर में गूंजे वैदिक मंत्र, प्रथम तल पर हुआ राम दरबार का भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह

Ram Mandir

Ram Mandir : उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में गुरुवार, 5 जून को ऐतिहासिक आयोजन के तहत राम दरबार और परिसर के सात अन्य मंदिरों की प्राण प्रतिष्ठा विधिवत रूप से संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर राम दरबार की पहली झलक श्रद्धालुओं के समक्ष आई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। प्राण प्रतिष्ठा का यह शुभ अनुष्ठान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में संपन्न हुआ। सीएम योगी ने मंदिर की पहली मंजिल पर राम दरबार के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर अनुष्ठान की शुरुआत की। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, माता सीता और श्री हनुमान जी की प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा वैदिक विधियों के साथ 101 विद्वान आचार्यों द्वारा की गई।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के इंतजाम 

इस अवसर पर राम मंदिर को दीपों, पुष्पों और पारंपरिक सजावट से अत्यंत भव्य स्वरूप प्रदान किया गया। देश और विदेश से हजारों श्रद्धालु इस दिव्य दृश्य के साक्षी बनने के लिए अयोध्या में उमड़े हैं। इस विशाल आयोजन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। एसपी सुरक्षा बलरामाचारी दुबे और मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।एसपी सुरक्षा के अनुसार, मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें : फर्जी वर्दी, झूठे सपने: मैनपुरी में सेना भर्ती के नाम पर 18 करोड़ की ठगी का खुलासा…

एटीएस, सीआरपीएफ, पीएसी और सिविल पुलिस की संयुक्त टीमें परिसर में तैनात हैं ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई चूक न हो।महंत मिथिलेश नंदिनी शरण ने इस अवसर को अत्यंत आनंददायक बताते हुए कहा कि यह गर्व का विषय है कि एक संन्यासी (योगी आदित्यनाथ) ने प्रदेश के आध्यात्मिक मूल्यों को समझते हुए उन्हें नई ऊर्जा प्रदान की है। मंदिर परिसर में समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, और एक सुसज्जित पंडाल भी श्रद्धालुओं के लिए बनाया गया है।

Exit mobile version