Site icon News1India

कर्नल Sofiya Qureshi पर विवादित बयान देने वाले मंत्री विजय शाह पर हाईकोर्ट सख्त, एफआईआर का निर्देश

Vijay Shah

Sofiya Qureshi News : मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की पहली महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान ने राजनीतिक और न्यायिक हलकों में तूफान खड़ा कर दिया है। अब इस मामले पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस अतुल श्रीधरन की डिवीजन बेंच ने साफ शब्दों में कहा है कि विजय शाह पर चार घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज की जाए। अदालत ने डीजीपी को निर्देश देते हुए कहा कि देश की सेना और उसकी गरिमा से जुड़ा यह विषय अत्यंत गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

कोर्ट ने जताई कड़ी नाराजगी, एफआईआर के निर्देश

हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि मंत्री विजय शाह के बयान ने सेना और महिला अधिकारी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है। अदालत ने डीजीपी को आदेश दिया कि किसी भी परिस्थिति में चार घंटे के भीतर विजय शाह पर एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही बेंच ने यह भी कहा कि मामले की अगली सुनवाई कल सुबह की जाएगी और इसकी प्रगति की रिपोर्ट अदालत के समक्ष प्रस्तुत हो।

यह भी पढ़ें : महिला सैन्य अधिकारी पर अभद्र टिप्पणी को लेकर मायावती का…

कांग्रेस ने की देशद्रोह की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग

Sofiya Qureshi विवादित बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। बुधवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल श्यामला हिल्स थाने पहुंचा और विजय शाह पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की। पटवारी ने आरोप लगाया कि मंत्री ने सेना का अपमान किया है, जो किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को एक मिनट भी मंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है।

हर थाने में आवेदन देगी कांग्रेस

कांग्रेस पार्टी ने एलान किया है कि गुरुवार को पूरे मध्य प्रदेश के थानों में विजय शाह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिए जाएंगे। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इस मामले में संज्ञान लेने और मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की गई है। Sofiya Qureshi मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सबकी नजरें हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

Exit mobile version