Site icon News1India

Vrindavan Cleanliness: परिक्रमा मार्ग पर दुर्गंध और कचरे से परेशान श्रद्धालु,प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

Vrindavan Cleanliness: वृंदावन के प्रमुख परिक्रमा मार्ग पर जुगल घाट के समीप बने ढलाव घर के आसपास लंबे समय से कचरा जमा होने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कचरे के ढेर के कारण क्षेत्र में दुर्गंध बनी रहती है।यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में रास्ते के आसपास गंदगी और कचरे का जमा होना श्रद्धालुओं के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है।

आवारा पशुओं से बढ़ी परेशानी

कचरे के ढेर के आसपास आवारा पशुओं का जमावड़ा भी दिखाई देता है। इससे लोगों को रास्ते से गुजरने में असुविधा होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और कचरा उठाने की व्यवस्था बेहतर होने से समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

गंदगी के कारण आसपास के वातावरण पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

प्रशासन और नगर निगम पर उठे सवाल

रचनात्मक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक पाराशर ने इस मामले को लेकर प्रशासन और नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मुख्य परिक्रमा मार्ग से ढलाव घर को हटाने की मांग की है।

उनका कहना है कि जिस मार्ग से हजारों श्रद्धालु धार्मिक आस्था के साथ गुजरते हैं, वहां कचरे का जमावड़ा शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

स्थायी समाधान की मांग

दीपक पाराशर ने दावा किया कि अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वृंदावन को विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की बात कही जाती है, ऐसे में प्रमुख धार्मिक मार्ग पर सफाई व्यवस्था बेहतर होना जरूरी है।

उन्होंने प्रशासन से ढलाव घर को मुख्य मार्ग से अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने, जमा कचरा हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

Exit mobile version