Site icon News1India

Weather Update Today : यूपी में बढ़ने लगी गर्मी, न्यूनतम तापमान पहुंचा 21℃

Weather Update Today

Weather Update Today : 1 अप्रैल 2025, यूपी का मौसम: उत्तर प्रदेश में इन दिनों तेज धूप पड़ने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में शुष्क मौसम के चलते तापमान और बढ़ सकता है। अप्रैल की शुरुआत गर्मी के साथ हो रही है, और प्रदेश में अभी से ही जून-जुलाई जैसी तपिश महसूस की जा रही है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 16.4℃ और अधिकतम तापमान 36.7℃ दर्ज किया गया है।

प्रदेश में 1 अप्रैल को साफ मौसम रहने के कारण गर्मी का दौर जारी रहेगा। 2 अप्रैल को भी आम जनता को किसी तरह की राहत मिलने की संभावना नहीं है, क्योंकि इस दौरान न तो तेज हवा चलेगी और न ही बारिश का कोई पूर्वानुमान है। इसी तरह, 3 अप्रैल को भी प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।

कई जिलों का तापमान 20 डिग्री के पार

प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 20℃ के पार पहुंच चुका है। लखीमपुर खीरी में अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 21℃ दर्ज किया गया है। वहीं, कानपुर ग्रामीण में 20℃, बाराबंकी में 19℃, वाराणसी (बीएचयू) में 18.3℃, फतेहपुर में 17.6℃, फुरसतगंज में 13℃, बस्ती में 18.5℃, झांसी में 18℃, हमीरपुर में 18.2℃, बरेली में 14.3℃ और नजीबाबाद में 13℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

इसके अलावा, अधिकतम तापमान की बात करें तो बुलंदशहर में 33℃, अलीगढ़ में 35.4℃, आगरा (ताज क्षेत्र) में 36.6℃, मेरठ में 34.2℃, हमीरपुर में 37.2℃, बस्ती में 37℃, गाजीपुर में 38℃ और सुल्तानपुर में 37.6℃ तक तापमान पहुंच गया है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अप्रैल से जून के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। इसके अलावा, अधिकतर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी औसत से अधिक रहने की आशंका जताई गई है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य रहने की संभावना है। विशेष रूप से, उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर, अप्रैल के दौरान बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक या सामान्य के आसपास रह सकता है।

यह भी पढ़ें : हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस से रोहित शर्मा को किया बाहर, सामने आई ये…

गर्मी के इस मौसम में उत्तर और पूर्वी प्रायद्वीप, मध्य भारत, पूर्वी भारत और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में सामान्य से अधिक हीटवेव और उष्ण लहर वाले दिनों की संभावना जताई गई है। ऐसे में आने वाले महीनों में लू और चिलचिलाती धूप से बचने के लिए सतर्क रहना जरूरी होगा।

Exit mobile version