Site icon News1India

अब इस पत्नी ने ‘प्रेम’ के खातिर पति को मार डाला, ऑपरेशन मंजिल हुआ सक्सेसफुल तो ‘मुस्कराई’ बेवफा बेगम

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के शामली में एक महिला इंदौर का सोनम रघुवंशी बनकर पति के खून से अपने हाथ लाल कर लिए। प्रेमी के प्यार में पागल बेवफा बीवी मेरठ की मुस्कान बनकर प्रेमी के साथ मिलकर शौहर का बेरहमी से कत्ल करवा दिया। शातिर महिला ने पुलिस से बचने के लिए अनगिनत टोटके आजमाए। लेकिन कहते हैं कि अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, वह कानून से नहीं बच सकता। और कुछ हुआ भी वैसा। कातिल बीवी और उसका प्रेमी अभी फरार है। लेकिन हत्याकांड में शामिल दो बदमाश पुलिस के हत्थे लग गए हैं। पूछताछ में दोनों ने हत्याकांड की बात कबूल भी कर ली। पुलिस ने बताया कि शाहनवाज की हत्या उसकी पत्नी ने करवाई थी। वह एक युवक से प्यार करती थी। इस हत्याकांड में शाहनवाज की पत्नी समेत चार लोग शामिल थे।

कैराना क्षेत्र में खुरगान रोड पर बाइक से पत्नी के साथ जा रहे हरियाणा निवासी फर्नीचर के कारीगर शाहनवाज (28) की सरेराह बृहस्पतिवार सुबह बाइक सवार चार बदमाशों ने चाकुओं से गोदकर व गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू की तो हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए मृतक के मौसेरे भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने शाहनवाज के कत्ल की गुत्थी उगल दी। आरोपियों ने बताया कि शाहनवाज की बीवी मैफरीन का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मैफरीन अपने प्रेमी से शादी करना चाह रही थी। इसी के चलते उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या का प्लान बनाया।

हरियाणा के जिला सोनीपत के थाना गन्नौर के गांव झारागढ़ी निवासी शाहनवाज अपनी पत्नी मैफरीन के साथ बाइक से कस्बा कैराना होते हुए गांव खुरगान ममेरे साले इमलाक की शादी में शामिल होने जा रहा था। सुबह करीब 9ः30 बजे खुरगान रोड पर नेशनल हाईवे स्थित उपरिगामी पुल से थोड़ा आगे बेरी के बाग के निकट पहुंचा, तभी दो बाइक पर आए चार बदमाशों ने ओवरटेक कर बाइक में टक्कर मारी और फिर शाहनवाज को डंडा मारकर बाइक रुकवा ली। बदमाशों ने चाकू से शाहनवाज पर ताबड़तोड़ कई वार किए। एक बदमाश ने उस पर तमंचे से गोली चलाई। उसके हाथ, सीने और गले पर चाकू के तीन गहरे घाव पाए गए। गंभीर घायल शाहनवाज सड़क पर गिर गया। वारदात के बाद बदमाश मौके से भाग गए।

एसपी रामसेवक गौतम, एएसपी संतोष कुमार सिंह और सीओ कैराना श्याम सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पत्नी मैफरीन की तरफ से कैराना कोतवाली में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने इस घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपी तसव्वुर निवासी गांव भूरा हाल पता गांव सरूरपुर जनपद बागपत और शोएब निवासी गांव भूरा थाना कैराना को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और तमंचा बरामद किया है। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि शाहनवाज के मौसेरे भाई तसव्वुर से उसकी पत्नी का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी शाहनवाज को हो गई थी और वह इसका विरोध कर रहा था। पत्नी ने अपने प्रेमी तसव्वुर के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

एसपी ने बताया कि मैफरीन से कहा गया था कि वह पति की लोकेशन देती रहेगी। उन्हें बस पति का काम तमाम करना है। कोड वर्ड प्लान से हत्याकांड को अंजाम दिया गया। बृहस्पतिवार को सुबह घर से निकलते ही पत्नी ने प्रेमी को फोन कॉल कर पति की लोकेशन के बारे में जानकारी देनी शुरू कर दी थी। लोकेशन देने के लिए दोनों ने पहले ही कोड वर्ड तैयार किए थे। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि घर से निकलते ही मैफरीन ने अपने प्रेमी के मोबाइल पर कॉल की और बताया कि वह अब खुरगान गांव के लिए निकल चुके हैं। इसके लिए दो दिन पूर्व ही दोनों ने लोकेशन देने के लिए कोड वर्ड तैयार किए थे। कोड वर्ड में मंजिल आने वाली है, पुल पार करो, बस थोड़ा इंतजार करो आदि कोर्ड वर्ड तैयार किए गए थे।

एसपी ने बताया कि मंजिल आने वाली का अर्थ था कि खुरगान रोड आने वाली है, क्योंकि खुरगान रोड पर हत्या करने की प्लानिंग थी। बस थोड़ा इंतजार करो यानी बाइक खुरगान रोड पर पहुंचने वाली है, पुल पार करो, यानी हमारी बाइक के पीछे-पीछे रहो। पूछताछ में बताया कि पुलिस को शक नहीं हो, इसलिए प्रेमी के कहने पर पत्नी ने ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। एसपी के अनुसार, कोड वर्ड के माध्यम से आरोपी शाहनवाज के पीछे लगे थे और खुरगान रोड पर पहुंचते ही वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस के अनुसार, अस्पताल में मैफरीन बार-बार रोते हुए बेहोश होने का नाटक कर रही थी, जिस पर पुलिस को शक हो गया था। पुलिस ने उससे बयान लेने चाहे तो वह होश में नहीं आने की बात कहते हुए बयान देने से बच रही थी।

पुलिस ने आरोपी तसव्वुर और आरोपी महिला की कॉल डिटेल निकलवाई तो रात और दिन के समय पिछले छह माह से अलग-अलग समय में दोनों की फोन पर बातें हो रहीं थीं। आरोपी तसव्वुर बागपत के सरूरपुर कलां गांव के ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। पति की हत्या के बाद भी आरोपी महिला लगातार रोने का ड्रामा कर रही थी। महिला की कॉल डिटेल ने भी खुलासे में अहम भूमिका निभाई। वह लगातार प्रेमी से फोन पर संपर्क में थी। बृहस्पतिवार को भी प्रेमी से कई बार बात हुई। कैराना और आसपास क्षेत्र के दस से अधिक सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार आरोपी कैद थे, जिनका बाइक नंबर हाथ लगने के कारण पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने जिस चाकू और तमंचे से गोली मारकर हत्या की है, उन्हें वह कहां से लाए थे। इसकी जांच की जा रही है।

 

Exit mobile version