News1India

UP Budget: योगी सरकार ने किया बड़ा ऐलान अब मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, जानिए क्या है योजना

UP Government Budget 2025: उत्तर प्रदेश सरकार ने 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश किया। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने रामचरितमानस की चौपाई पढ़कर अपना भाषण शुरू किया। इस बार बजट का कुल आकार 8 लाख 8 हजार 736 करोड़ 6 लाख रुपये रखा गया है, जो पिछले साल की तुलना में 9.8% ज्यादा है। इस बजट में छात्राओं, ग्रामीण महिलाओं और शिक्षा को लेकर कई अहम घोषणाएं की गई हैं।

छात्राओं को फ्री स्कूटी मिलेगी

योगी सरकार ने मेधावी छात्राओं के लिए बड़ी घोषणा की है। अब जो लड़कियां उच्च शिक्षा (कॉलेज, यूनिवर्सिटी) कर रही हैं और पढ़ाई में अव्वल हैं, उन्हें रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत फ्री स्कूटी दी जाएगी। इस योजना के लिए 400 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान योजना के लिए 600 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं, जिससे उच्च शिक्षा को और बेहतर किया जाएगा।सरकार ने विंध्याचल धाम मंडल में मां विंध्यावासिनी राज्य विश्वविद्यालय बनाने की घोषणा की है, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, राजकीय महाविद्यालयों के निर्माणाधीन भवनों को पूरा करने के लिए भी 50 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

सरकार ने ग्रामीण महिलाओं के लिए भी कई योजनाएं रखी हैं। यूपी राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 96 लाख से ज्यादा महिलाओं को कवर किया गया है। गाँवों में डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए बीसी सखी योजना चलाई जा रही है, जिसमें 39,556 बीसी सखी काम कर रही हैं। अब तक इस योजना के तहत 31,103 करोड़ रुपये का लेन-देन हो चुका है और 83.38 करोड़ रुपये का लाभ हुआ है।

 

बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा

लड़कियों की शिक्षा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कई योजनाएं बनाई हैं। प्रदेश में गर्ल्स हॉस्टल, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, मीना मंच, और संवेदीकरण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। सरकार चाहती है कि हर लड़की को अच्छी शिक्षा मिले और वो आत्मनिर्भर बने।

युवाओं के लिए स्मार्टफोन और कोचिंग

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत सरकार ने अब तक 49.86 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट बाँटे हैं। इस योजना को 2025-26 में भी जारी रखा जाएगा, जिससे युवाओं को पढ़ाई में मदद मिलेगी।प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना चलाई है, जिससे उन्हें अपने ही जिले में फ्री कोचिंग मिल सके। प्रधानमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के तहत 2024-25 में 54,833 युवाओं को इंटर्नशिप और ट्रेनिंग का मौका दिया गया है।

 

Exit mobile version