Site icon News1India

Varanasi Fire News : कैंट रेलवे स्टेशन की पार्किंग में लगी भयानक आग, धू-धू कर जली 300 से ज़यादा बाइकें…

Varanasi Fire News

Varanasi Fire News : वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के पार्किंग एरिया में खड़ी 300 से ज्यादा बाइकें आग की चपेट में आकर जल गईं। छह दिन पहले इसी पार्किंग में एक बाइक में अचानक आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसे तेल चोरी से जोड़कर देखा गया था, लेकिन रेलवे प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस लापरवाही का खामियाजा इतना बड़ा हुआ कि शुक्रवार और शनिवार की रात पार्किंग में खड़ी सैकड़ों बाइकें जलकर राख हो गईं।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि किसी को भी आग के पास जाने की हिम्मत नहीं हुई। किसी तरह जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर 30 से ज्यादा बाइकें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाईं। उनकी कड़ी मेहनत से कुछ अन्य बाइकें भी बचा ली गईं, लेकिन कई बाइक पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं।

बाल्टी से पानी फेंक लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश

घटना के बाद तुरंत कैंट स्टेशन के निदेशक भी मौके पर पहुंचे। लेकिन कैंट रेलवे स्टेशन पर आग बुझाने के लिए कोई प्रभावी इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते बाल्टी में पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई, लेकिन वह भी नाकाम रही। आग तेजी से फैलती गई और फायर फाइटिंग सिस्टम भी काम नहीं आया। कैंट स्टेशन के विभिन्न हिस्सों से फायर फाइटिंग सिस्टम लाने में भी समय लग गया, और तब तक आग ने बहुत विकराल रूप ले लिया था।

यह भी पढ़ें : पहाड़ी इलाकों में शुरु हुई बर्फबारी, Delhi-NCR में भी दिखी ठंड की पहरेदारी…

रेलवे ने दिए जांच के सख्त आदेश

इस घटना में सबसे अधिक नुकसान रेलवे कर्मचारियों का हुआ, क्योंकि पार्किंग में खड़ी अधिकांश दो पहिया वाहन उन्हीं के थे। आग लगने के कारणों की जांच के लिए रेलवे ने आदेश जारी कर दिए हैं। पहले भी पार्किंग से तेल चोरी की शिकायतें आती रही थीं, जहां बाइक से पेट्रोल निकाल लिया जाता था।

इस मुद्दे की शिकायत भी की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। संभावना जताई जा रही है कि पेट्रोल चोरी के दौरान ही आग लग गई हो, और इस पहलू पर भी जांच की जा रही है। रेल कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस दुर्घटना की एक अच्छी बात यह रही कि इसमें किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

Exit mobile version