Vijay Kumar Malhotra Passes Away: मनमोहन सिंह को हराया, 2004 आम चुनाव में दिल्ली से जितने वाले बीजेपी के अकेले उम्मीदवार को अंतिम विदाई

बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे दिल्ली से पांच बार सांसद रहे और 1999 में मनमोहन सिंह को हराया था। उनका जीवन सादगी और सेवा की मिसाल रहा।

Vijay Kumar Malhotra Passes Away: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेता विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह 94 साल की उम्र में निधन हो गया। दिल्ली बीजेपी ने जानकारी दी कि उनका देहांत उनके आवास पर हुआ। पिछले कुछ दिनों से उनका इलाज एम्स (AIIMS) में चल रहा था। आज सुबह करीब 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पार्टी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

पीएम मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय मल्होत्रा के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे जमीन से जुड़े हुए नेता थे। उन्हें जनता की समस्याओं की गहरी समझ थी। दिल्ली में पार्टी की जड़ें मजबूत करने में उनका योगदान बेहद खास रहा।

सादगी और सेवा से जुड़ा जीवन

संयोग से विजय मल्होत्रा का निधन उस समय हुआ जब दिल्ली बीजेपी को डीडीयू मार्ग पर स्थायी कार्यालय मिलने के एक दिन बाद की सुबह थी। सोमवार को इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री मोदी ने ही किया था। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि उनका जीवन सादगी और जनसेवा की मिसाल था। उन्होंने दिल्ली में जनसंघ को विस्तार देने के लिए लगातार काम किया।

दिल्ली राजनीति का बड़ा चेहरा

विजय मल्होत्रा दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। वे बीजेपी की दिल्ली इकाई के पहले अध्यक्ष भी थे। जनसंघ और बीजेपी, दोनों के दौर में वे राजधानी की राजनीति का अहम चेहरा रहे। उनकी छवि साफ-सुथरी और जनता से जुड़ी रही।

ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी

मल्होत्रा के राजनीतिक करियर का बड़ा पड़ाव साल 1999 का लोकसभा चुनाव रहा, जब उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को बड़े अंतर से हराया था। इसके अलावा, 2004 के आम चुनाव में वे दिल्ली में बीजेपी के अकेले उम्मीदवार बने, जिन्होंने संसद की सीट जीती। उस समय कांग्रेस ने बाकी छह सीटों पर कब्जा जमाया था।

चार दशक से अधिक का सफर

विजय कुमार मल्होत्रा का राजनीतिक जीवन चार दशकों से भी ज्यादा लंबा रहा। उन्होंने न सिर्फ पार्टी को खड़ा किया, बल्कि दिल्ली में संगठन को मजबूत बनाने और जनता से सीधा जुड़ाव बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनकी सादगी, साफ छवि और सेवा भाव हमेशा याद किए जाएंगे।

Exit mobile version